रांची (ब्यूरो): एक सप्ताह में 12 हजार म्युटेशन के आवेदन पेंडिंग हो गए हैं तो 15 हजार से अधिक प्रमाण पत्र बनाने का काम भी ठप पड़ा हुआ। ऐसे में स्कूल, कॉलेज में दाखिला लेने, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए फ ॉर्म भरने वाले स्टूडेंट्स को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हड़ताल क्यों

बेमियादी हड़ताल पर गए राजस्व कर्मियों का मानना है कि सरकार ने पहले से हुए समझौते के अनुसार अपना काम पूरा नहीं की। इस कारण कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 11 सूत्री मांगों को लेकर राज्य में राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर हैं। राजस्व कर्मचारी संघ के मुख्य संरक्षक भरत सिन्हा ने कहा कि कर्मचारी 2012 में हड़ताल पर गए थे। फि र 2017 में हड़ताल हुई। सरकार ने कर्मचारियों के साथ समझौते भी किए, लेकिन इसे आज तक लागू नहीं किया। ऐसे में राज्य के करीब 3000 राजस्वकर्मी विवश होकर फिर से बेमियादी हड़ताल पर चले गए हैं।

स्टूडेंट्स को परेशानी

राजस्व उप निरीक्षकों की हड़ताल का छात्रों के भविष्य पर व्यापक असर पड़ रहा है। राज्य के कई विभागों में नौकरियों के लिए आवेदन करने के साथ-साथ स्कॉलरशिप लेने के लिए जाति, आवासीय व आय सहित अन्य प्रमाणपत्रों की जरूरत है, लेकिन राजस्व कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने के कारण प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं। अभी केवल रांची में ही 15 हजार के आसपास आवेदन विभिन्न तरह के प्रमाणपत्र बनाने के लिए जमा हैं, मगर इनपर विचार करने वाला कोई नहीं है।

अंचल कार्यालय ठप

अंचल कार्यालयों में लोगों से जुड़े सभी तरह के काम ठप हैं। राज्य भर में अंचल कार्यालयों में 2.30 लाख जाति, आय व आवासीय प्रमाण पत्र और 71 हजार जमीन म्यूटेशन के आवेदन पेंडिंग हो गए हैं। हड़ताल लंबी चली तो पेंडिंग आवेदनों से दोगुना नए आवेदन जमा हो जाएंगे। ऐसे में स्कूल, कॉलेज में नामांकन लेने, प्रतियोगिता परीक्षा के लिए फ ॉर्म भरने वाले स्टूडेंट्स की परेशानियां बढ़ती जाएंगी। म्यूटेशन नहीं होने से घर बनाने का काम प्रभावित होगा।

केस-1

लालपुर के रहने वाले रमेश ठाकुर को अपने बेटे का एडमिशन कराना है, इसके लिए उनको रेसिडेंशियल सर्टिफिकेट बनवाना है। सीएससी सेंटर में 15 दिन पहले ही आवेदन कर चुके हैं, लेकिन अब हड़ताल के कारण सर्टिफिकेट नहीं बन पा रहा है।

केस-2

कांके रोड के रहने वाले रजनीश कुमार ने कांके ब्लॉक में अपनी जमीन का म्युटेशन कराने के लिए आवेदन दिया है। आवेदन कर चुके कर्मचारी के लॉग इन में भी चला गया है, लेकिन अब कर्मचारी काम पर आए तब तो पास हो।

राजस्व कर्मचारी हड़ताल पर चले गए हैं। इस कारण नए आवेदनों के काम पर असर पड़ रहा है। हालांकि, पुराने काम हो रह हैं। लेकिन, इनकी हड़ताल और अधिक लंबी चली तो परेशानी बढ़ सकती है।

-अमित भगत, सीओ, शहर अंचल