- अब तक 17 फूड वैन संचालकों ने लिया है लाइसेंस

-पांच ने करा लिया है रिन्यूअल, नगर निगम तैयार कर रहा है अवैध फूड वैन पर कार्रवाई का खाका

रांची : रांची नगर निगम ने लाइसेंस रिन्यूअल नहीं कराने वाले 12 फूड वैन संचालकों को नोटिस जारी किया है। नोटिस जारी कर इन्हें हफ्ते भर में लाइसेंस नवीनीकरण के लिए आवेदन जमा करने को कहा गया है। राजधानी में कुल 17 फूड वैन संचालकों ने लाइसेंस लिए हैं। इनमें से पांच ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए लाइसेंस रिन्यूअल करा लिया है। बाकी को नोटिस जारी किया है। रांची नगर निगम जल्द ही राजधानी में चल रहे अवैध फूड वैन के खिलाफ कार्रवाई करेगा। इसका खाका तैयार कर रहा है।

बढ़ गई है संख्या

राजधानी में इन दिनों गैर लाइसेंसी फूड वैन की बाढ़ आ गई है। स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह के तहत छूट मिलने के बाद फूड वैन का कारोबार भी शुरू हो गया है। राजधानी में 250 फूड वैन चल रही हैं। फूड वैन के 11 मालिकों ने लाइसेंस के लिए नगर निगम में आवेदन दिया है। मगर अभी उनके आवेदन पर लाइसेंस जारी नहीं हो पाया है। राजधानी में गैर लाइसेंसी फूड वैन की भरमार होने से नगर निगम को राजस्व की चपत लग रही है। अब नगर निगम जल्द ही गैर लाइसेंसी फूड वैन के खिलाफ अभियान चलाने जा रहा है। इसके लिए, कवायद शुरू है।

---

कंडम वाहन में लाइसेंस नहीं

राजधानी रांची में शाम होते ही फूड वैन का कारोबार शुरू जाता है। शहर के सभी फूड वैन मालिक नगर निगम से लाइसेंस लेने के लिए आगे नहीं आए हैं। नगर निगम का आकलन है कि इनमें से तकरीबन डेढ़ सौ फूड वैन कंडम वाहनों में लगाए जा रहे हैं। लाइसेंस जारी करने की नगर निगम की शर्त है कि वैन के कागजात दुरुस्त होने चाहिए। इसका टैक्स अदा होना चाहिए। नगर निगम के द्वारा फूड वैन बंद कराने के अभियान के बाद भी अगर कोई संचालक कंडम फूड वैन में कारोबार करता है, तो उससे जुर्माना वसूला जाएगा। यह जुर्माना 25 हजार रुपये तक होगा।

------

चौड़ा फुटपाथ पर ही लाइसेंस

नगर निगम ने फूड वैन को लाइसेंस देने के लिए कुछ शर्तें लगाई हैं। इनमें सबसे अहम शर्त यह है कि फूड वैन सड़क किनारे वहां होनी चाहिए, जहां काफी चौड़ा फुटपाथ हो। सड़क से सटकर लगने वाली फूड वैन को लाइसेंस नहीं दिया जाएगा। इसे अतिक्रमण मानते हुए कार्रवाई होगी। लाइसेंस जारी करने के पहले नगर निगम के कर्मचारी फूड वैन स्थल निरीक्षण करते हैं।

-----

राजधानी में फूड वैन अब लगना शुरू हुए हैं। जल्द ही अभियान चला कर गैर लाइसेंसी फूड वैन के मालिकों पर कार्रवाई की जाएगी।

- कुंवर सिंह पाहन, उप नगर आयुक्त।