रांची(ब्यूरो)। छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें वैचारिक विकास के माध्यम से समृद्ध नागरिक बनाने को सीबीएसई की समर्पित संस्था रांची सहोदया स्कूल काम्प्लेक्स समूह की जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के दयानंद प्रेक्षागृह में बैठक हुई। जहां बतौर ग्रुप अध्यक्ष समरजीत जाना ने तीन वर्षों के कार्यकाल का कुशलतापूर्वक दायित्वों और कर्तव्यों के बारे में बताया। कहा इसमें जी-20 की सफल मेजबानी शामिल है। बैठक में रांची एवं आसपास के विभिन्न सीबीएसई स्कूलों के प्रतिष्ठित 44 प्राचार्यगण सम्मिलित हुए। तीन वर्षों की उपलब्धियों, कोविड महामारी की चुनौतीपूर्ण अवधि के दौरान ऑनलाइन प्लेटफार्मों के माध्यम से आयोजित इन-हाउस प्रशिक्षण, विभिन्न स्कूलों में जी-20 शिखर सम्मेलन की सफल मेजबानी आदि की समीक्षा की गई।

एजुकेशन पॉलिसी पर चर्चा

वहीं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत पाठ्य संवर्धन से संबंधित शैक्षणिक सत्र 2024-25 में कक्षा नौ में तीसरी भाषा विषय और कक्षा 11वीं में दूसरी भाषा विषय शुरू करने, स्कूल में उपस्थिति के आधार पर एक नई क्रेडिट स्कोर प्रणाली की शुरुआत करने तथा सतत विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा वितरण सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श हुआ। बैठक में सत्र 2024-25 के लिए वार्षिक कैलेंडर जारी करने के साथ-साथ एक नई वेबसाइट लॉन्च की गई।

इन्हें मिली नई जिम्मेदारी

वहीं, लोकतांत्रिक तरीके से विभिन्न प्राचार्यों का चुनाव हुआ, जिसमें अध्यक्ष परमजीत कौर, प्राचार्या, सरला बिड़ला पब्लिक स्कूल, सचिव संजीत कुमार मिश्रा, प्राचार्य, एसआर डीएवी पुंदाग, कोषाध्यक्ष राजेश पिल्लई, प्राचार्य, कैराली स्कूल, उपाध्यक्ष जितेंद्र तिवारी, सरस्वती विद्या मंदिर, संयुक्त सचिव सुभाष पाटनी, प्राचार्य, साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल, बुंडू, सहायक कोषाध्यक्ष किरण यादव, प्राचार्य, नीरजा सहाय डीएवी, कांके। कार्यक्रम में डीएवी खूंटी के पूर्व प्राचार्य टीपी झा और डीएवी बरियातू के पूर्व प्राचार्य वीके पांडे का का अभिनंदन किया गया।