रांची (ब्यूरो)। नगर निगम राजधानी में साफ-सफाई के लिए खेल-खेल में इनोवेशन को बढ़ावा देगा। इसके लिए नगर निगम 5 जुलाई से 5 अगस्त तक रांची सेनिटेशन लीग (आरएसएल) का आयोजन करेगा। यह आयोजन रांची के विभिन्न 53 वार्डो में किया जाएगा। सेनिटेशन लीग के लिए नगर निगम की ओर से 10 टीमें बनाई गई हैं, जो विभिन्न 53 वार्डो में जाकर कई प्रकार की साफ-सफाई को लेकर गतिविधियों का आयोजन करेंगी। लीग को लेकर निगम की ओर से फिलहाल विभिन्न वार्डो में प्रचार-प्रसार का काम किया जा रहा है, ताकि इससे आम लोग अधिक संख्या में जुड़ सकें।

ऐसे आयोजित होगी लीग

रांची सेनिटेशन लीग में निगम की ओर से 10 अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, जिसमें हर वार्ड में कूड़े का डोर टू डोर उठाव शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही लीग से आम लोगों को जोडऩे के लिए उनसे नए आइडिया या इनोवेशन की जानकारी ली जाएगी। हर इनोवशेन पर संबंधित व्यक्ति को एक विकेट मिलेंगे, जबकि डोर टू डोर कचरा कलेक्शन और नाली की सफाई समेत अन्य कैटेगरी में अधिकतम 10 रन दिए जाएंगे।

कौन-कौन जुड़ेंगे

सेनिटेशन लीग से संबंधित वार्डो के विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधि, सिविल सोसायटी के लोग, वरिष्ठ नागरिकों को जोड़ा जाएगा। ताकि रांची को साफ और सुंदर बनाने के लिए नया विचार और नए आइडिया मिल सकें।

स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान

रांची इनोवेशन लीग के विजेताओं को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को सम्मानित किया जाएगा। वहीं इसके पूर्व लीग को लेकर 10 जून से 5 जुलाई तक प्रैक्टिस और प्लानिंग, 6 जुलाई से 5 अगस्त तक फिल्ड में विभिन्न गतिविधियां, 6 अगस्त से 12 अगस्त तक मूल्यांकन कमेटी की ओर से मूल्यांकन का काम तथा 13 अगस्त को परिणामों की घोषणा की जाएगी।

कौन हैं 10 टीम

रमणीक रांची फाइटर्स, स्वच्छ रांची स्टार्स, शाइनिंग रांची वॉरियर्स, टीम क्लीन रांची, ब्राइट रांची किंग्स, ब्लेजिंग रांची स्टार्स, हाइजिन रांची वॉरियर्स, रांची प्राउड फाइटर्स, रांची ग्लोरी वॉरियर्स, टीम स्मार्ट रांची। इन 10 टीमों में नगर निगम के 8 सिटी मैनेजर, सॉलिड वेस्ट के एक्सपट्र्स और आईटी से जुड़े लोग शामिल होंगे।

रन और विकेट का निर्धारण

सेनिटेशन लीग के लिए रन और विकेट के लिए अलग-अलग कैटेगरी का निर्धारण किया गया है। इसमें डोर टू डोर गार्बेज कलेक्शन के लिए अधिकतम 10 रन, नाली की सफाई के लिए 10 रन, घास कटिंग के लिए 10 रन, सड़क की सफाई के लिए 10 रन, यूरिनल की साफ सफाई के लिए 10 रन, खुले में कूड़े के निस्तारण के लिए 10 रन, टूटे-फूटे वाहनों के निस्तारण के लिए 10 रन, स्ट्रीट लाइट के सही मेनटेनेंस के लिए 10 रन, जबकि हरेक इनोवेशन, किसी समस्या के समाधान, स्क्रैब मैटेरियल से सौंदर्यीकरण के कार्य के लिए, सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ की गई गतिविधियों के लिए एक-एक विकेट देने का प्रावधान किया गया है।

रांची को साफ और सुंदर बनाए रखने के लिए रांची सेनिटेशन लीग का आयोजन किया जा रहा है। इससे आम लोगों के नए विचारों के आधार पर नगर निगम को नीतियां बनाने में आसानी होगी और लोगों को साफ-सुथरी सड़क और ड्रेनेज मिलेंगी।

-संदीप कुमार, सिटी मैनेजर, नगर निगम, रांची