रांची: पूरे देश में दिल्ली के स्कूल अपने मेकओवर के कारण चर्चा में बने हुए हैं। अब रांची सहित पूरे राज्य भर के 80 स्कूलों को भी दिल्ली के स्कूलों की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। जितनी तरह की सुविधाएं दिल्ली के स्कूलों में सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है उसी लेवल की सुविधाएं झारखंड में भी स्कूलों में उपलब्ध कराई जाएंगी। शिक्षा विभाग द्वारा डेवलप होने वाले स्कूलों को चिन्हित कर लिया गया है, अब उस पर काम शुरू होगा। झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक शैलेश चौरसिया बताते हैं कि राज्य भर के सभी जिला स्कूल, 24 कस्तूरबा स्कूल, 24 बालिका विद्यालय और सात मॉडल स्कूलों को डेवलप करने के लिए चिन्हित किया गया है।

रेजिडेंशियल होंगे जिला स्कूल

बताया गया कि जिला स्कूल का दायरा पूरे जिला में होगा। जहां पूरे जिले से स्टूडेंट्स का सेलेक्शन किया जाएगा। साथ ही जिला स्कूल आवासीय होगा। स्कूल में लाइब्रेरी, प्रयोगशाला, खेल के मैदान व खेल के संसाधन भी दिए जाएंगे। क्लास रूम व सभागार को पूरी तरह आधुनिक करने की योजना है। इसमें एयरकंडीशंड से लेकर अन्य आधुनिक सुविधाएं होंगी। स्टाफ क्वार्टर भी स्कूल परिसर में ही होंगे। छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों के लिए भी आवासीय सुविधा देने की योजना है।

दिल्ली जाकर टीम ने किया मुआयना

दिल्ली के सरकारी स्कूल पूरे देश भर में रोल मॉडल बन चुके हैं। अब वहां के स्कूल कैसे कम समय में और अपने आप को एक स्टैंडर्ड लेवल पर पहुंचा चुके हैं, उसको देखने के लिए झारखंड के शिक्षा विभाग के अधिकारियों की टीम भी दिल्ली गई थी। झारखंड से गई टीम ने कई स्कूलों का दौरा किया, वहां के अधिकारियों से बातचीत की। किस तरह से वहां के अधिकारियों ने स्कूलों का मेकओवर किया। क्या-क्या सुविधाएं इन स्कूलों में उपलब्ध है। सभी तरह की जानकारी ली गई। अब उसी तरह का डिजाइन बनाकर और उसी तरह की सुविधाओं के साथ झारखंड में भी स्कूल विकसित किए जा रहे हैं।

स्कूलों में होंगी हर सुविधाएं

छात्रों का बैठने के लिए बेंच टेबल

लाइब्रेरी

स्मार्ट क्लासरूम

लैब

आईटी रूम

वॉशरूम बिल्डिंग का डिजाइन

खेलकूद का ग्राउंड

सीसीटीवी कैमरा

पानी की बेहतर सुविधा

कैंपस में साफ-सफाई

ड्रेस कोड

-शिक्षकों की कमी दूर कर स्टैंडर्ड संख्या होगी

-बायोमीट्रिक अटेंडेंस

-इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी की पढ़ाई

अभी दस करोड़ रुपए होंगे खर्च

शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अभी जिन स्कूलों को विकसित करने के लिए सेलेक्ट किया गया है वहां इंफ्रास्ट्रक्चर बना हुआ है। उसमें चेंज किया जाएगा। उसमें थोड़ा बहुत डिजाइन किया जाएगा। वहां कई नई तरह की सुविधाएं शुरू की जाएंगी। शिक्षा विभाग द्वारा शुरुआत के पहले फेज में इन स्कूलों को विकसित करने के लिए दस करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा आने वाले बजट में भी और कई सुविधाएं और दूसरे नए स्कूलों को विकसित करने के लिए बजट की राशि बढ़ाई जाएगी।

झारखंड के 80 स्कूलों को डेवलप किया जाएगा। वहां हर तरह की अपडेटेड सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसमें राज्य के सभी जिले में स्थित जिला स्कूल को अपडेट किया जाएगा। साथ ही बालिका विद्यालय और कस्तूरबा विद्यालय को भी विकसित किया जाएगा। स्कूलों का चयन कर लिया गया है, अब यहां काम शुरू होगा।

-शैलेश चौरसिया, निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना