रांची: कहीं आपके मकान में भी तो नहीं चल रहा सैक्स रैकेट? यह सवाल सच में विचलित करने वाला है। लेकिन आज जिस तेजी से देह व्यापार का कारोबार राजधानी में अपना पांव पसार रहा है। उस संदर्भ में यह सवाल प्रासंगिक हो जाता है। क्योंकि सिटी के अलग-अलग इलाकों में लगातार सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हो रहा है। होटल के बाद अब किराये के मकान में भी सेक्स रैकेट पनपने लगा है। इस तरह के अपराध में संलिप्त लोग किराये पर मकान लेते हैं और रिलेटिव बताकर ये लोग लड़के और लड़कियों को मकान में एंट्री कराते हैं और सेक्स रैकेट को बढ़ावा देते हैं। रविवार को चुटिया थाना क्षेत्र से ऐसा ही एक मामला सामने आया जहां किराये के मकान में सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। एसएसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मकान में छापेमारी की गई तो पांच लड़के और पांच लड़कियों को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया। चुटिया पुलिस ने सभी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ की जा रही है। आसपास के लोगों ने बताया कि मकान में पहले भी कई अजनबियों को आते-जाते देखा गया था। जिसे लोगों ने नजरअंदाज कर दिया, लेकिन बार-बार ऐसा होने पर इसकी शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस की छापेमारी में सभी रेड हैंड पकडे़ गए हैं। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किराये के मकान में रहने वाली महिला ही सेक्स रैकेट चला रहा थी। आधी रात में भी लड़के-लड़कियों का आना-जाना लगा रहता था, जिससे आसपास के लोगों को शक हुआ।

पहले भी कई इलाकों में खुलासा

सिर्फ चुटिया ही नहीं बल्कि सिटी के कई अलग-अलग इलाकों में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हो चुका है। बरियातू, अरगोड़ा, लालपुर जैसे पॉश इलाकों में भी किराये के मकान में सेक्स रैकेट चलाने वालों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा राजधानी के अपार्टमेंट में जिस्म का बाजार सज रहा है। हाल के दिनों में कई घटनाओं का खुलासा भी पुलिस द्वारा किया गया है। वहीं कई सेक्स वर्कर्स समेत जिस्मफरोशी के धंधे में लिप्त दलालों की भी गिरफ्तारी हुई है। पुलिस बताती है कि जिस्मफरोशी का धंधा करने वाले अपार्टमेंट के फ्लैट को किराए पर लेते हैं और फिर वहीं से सेक्स का धंधा शुरू हो जाता है। इसके दलाल वैसे घर को मोटी रकम देकर किराये पर ले लेते हैं, जिसके ओनर उस घर में नहीं रहते हों। आसपास के लोगों के अवेयरनेस की वजह से ही ऐसे लोगों का भंडाफोड़ होता है।

अरगोड़ा के फ्लैट में चल रहा था रैकेट

बीते साल दिसंबर महीने में रांची के अरगोड़ा थाने क्षेत्र से भी किराये के फ्लैट में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ था, जिसमें तीन महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार किया गया था। साथ ही आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई थी। वहीं नवंबर महीने में भी अरगोड़ा थाने क्षेत्र से ही एक और मामले का खुलासा पुलिस द्वारा किया गया था जिसमें अपार्टमेंट में सेक्स रैकेट चलने का मामला सामने आया। इस कांड में तीन महिला समेत सात लोगों की गिरफ्तारी हुई थी।

बरियातू के चिरौंदी में भी खुलासा

बीते साल बरियातू थाना क्षेत्र में भी सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ था। जिसमें दो बांग्लादेशी कॉल गर्ल सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। ये लोग चिरौंदी के एक फ्लैट में जिस्मफरोशी का धंधा किया करते थे। छापेमारी में आपत्तिजनक सामग्री और ड्रग्स भी बरामद किए गए थे।

लालपुर में वाट्सएप पर सेक्स रैकेट

साल 2020 के जून में लालपुर से भी ऐसा ही मामला सामने आ चुका है। लालपुर पुलिस ने वाट्सएप पर सेक्स रैकेट चलाने वाले सरगना को गिरफ्तार भी किया था। कोलकाता व दूसरे इलाकों से काल गर्ल मंगा कर वह रांची के अलग-अलग एरिया में किराये के मकान में ठहराता था जहां जिस्मफरोशी का धंधा चलता था।