RANCHI : 26 दिसंबर, 2013 को अरगोड़ा इलाके में शक्ति सिंह हत्याकांड में सरेंडर किए सन्नी को अरगोड़ा पुलिस ने दो दिनों की रिमांड पर लिया है। सन्नी ने पुलिस को बताया कि उसने शक्ति सिंह की हत्या नहीं की है। अब पुलिस इस उलझन में पड़ी है कि यदि शक्ति सिंह की हत्या इनलोगों ने नहीं की है तो किसने की है? इस मामले में पुलिस ने पूर्व में ही लक्ष्मीनगर के सत्यम पाठक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बताया जाता है कि शक्ति सिंह की हत्या बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद संदीप थापा के इशारे पर की गई है, पर पुलिस के पास इसका पर्याप्त सबूत नहीं है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

संदीप के लिए पैसे कलेक्ट करता था शक्ति

शक्ति सिंह के जानकारों का मानना है कि वह संदीप थापा के साथ रंगदारी मांगने के आरोप में जब जेल से छूटा था तो उसने अपनी सामान्य जिंदगी व्यतीत करनी शुरू कर दी थी। वह अकेले ही रहता था और अकेले ही पैसों का कलेक्शन करता था। गौरतलब हो कि 26 दिसंबर की शाम अरगोड़ा पुलिस को हरमू बिजली ऑफिस के समीप शक्ति सिंह का शव बरामद किया था। उसे तीन गोली मारी गई थी।

महिला का बैग लेकर ट्रेन से कूदा

रांची के कडरू वसंत विहार में रहने वाली एक महिला का पर्स लेकर चोर चलती ट्रेन से कूद गया। घटना बोकारो के पास की है। रांची आने वाली दुमका-रांची एक्सप्रेस में सफर कर रही महिला ने बताया कि बोकारो पहुंचने के क्रम में एक युवक ने उनसे पर्स छीन लिया और चलती ट्रेन से कूद गया। पर्स में मोबाइल और दस हजार रुपए थे। महिला ने रांची पहुंचने पर जीआरपी थाने में अज्ञात के खिलाफ में चोरी का मामला दर्ज कराया है।