रांची(ब्यूरो)। राजधानी रांची के शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के घरों में अगले माह से स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगाने का काम शुरू हो जाएगा। स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगाने के लिए रांची में सर्वे का काम शुरू हो गया है। सर्वे का काम जीनस पावर नामक कंपनी कर रही है। राजधानी रांची में पहले फेज में 3.5 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। पहले फेज में स्मार्ट मीटर लगाने का काम रांची के सेंट्रल डिवीजन के अपर आजार, हरमू, अशोक नगर और मेन रोड इलाकों में शुरू किया गया है। मालूम हो कि जेबीवीएनएल यह सेवा उपभोक्ताओं को नि:शुल्क देगा।

फेजवाइज होगा सर्वे

रांची में स्मार्ट प्री-पेड मीटर लगाने के लिए सर्वे का काम फेजवाइज किया जाएगा। सेंट्रल डिवीजन के बाद सर्वे का काम अन्य डिवीजनों रांची न्यू कैपिटल, रांची ईस्ट, रांची डोरंडा और रांची वेस्ट में किया जाएगा।

बिल का झंझट खत्म

स्मार्ट प्री-पेड मीटर लग जाने से जेबीवीएनएल को उपभोक्ताओं के घरों में जाकर बिजली बिल देने की समस्या से निजात मिल जाएगी। इस नई और कॉस्मोपॉलिटन शहर की तर्ज पर शुरू होनेवाली सेवा के इंतजार में रांचीवासी भी हैं। इस सेवा से उपभोक्ताओं को भी मोबाइल पर ही बिजली बिल मिल जाएगा और सरकार की ओर से दी जानेवाली सब्सिडी का लाभ भी ले सकेंगे।

मोबाइल की तर्ज पर काम

स्मार्ट प्री-पेड मीटर प्री-पेड मोबाइल की तर्ज पर काम करेगा। बिजली के लिए ऐप के जरिए रिचार्ज करना होगा। जितनी राशि का रिचार्ज होगा वह उपभोक्ता के मोबाइल में दिखाई देगा कि कितनी बिजली कंज्यूम हुई है। इसके जरिए उपभोक्ता उतनी ही बिजली का उपभोग कर पाएंगे, जितनी राशि का रिचार्ज कराएंगे।

मुख्य सर्वर से जुड़ेगा मीटर

स्मार्ट प्री-पेड मीटर जेबीवीएनएल के मुख्य सर्वर से जुड़ा रहेगा। यह लगातार बताएगा कि उपभोक्ता कितनी बिजली यूज कर रहा है। वहीं बिलिंग साइकिल वाली रात 12 बजे संबंधित उपभोक्ता के इस्तेमाल की गई बिजली के आधार पर सर्वर से बिल जेनरेट हो जाएगा।

व्हाट्सएप नंबर पर बिल

उपभोक्ताओं के ई-मेल और व्हाट्सएप नंबर पर मुख्य सर्वर से बिजली बिल हर महीने की निश्चित तारीख को आ जाएगा।

जीनस पावर लगाएगी मीटर

उपभोक्ताओं के घरों में लगनेवाले स्मार्ट प्री-पेड मीटर जीनस पावर नामक कंपनी लगाएगी। कंपनी का चयन जेबीवीएनएल की ओर से स्मार्ट मीटर में सॉफ्टवेयर लगाने के लिए भी किया गया है।

6 लाख हैं उपभोक्ता

रांची में बिजली उपभोक्ताओं की कुल संख्या 6 है। इसमें रूरल और अर्बन दोनों एरिया के उपभोक्ता शामिल हैं। रांची के अर्बन क्षेत्र में 3.5 लाख उपभोक्ता हैं। अर्बन क्षेत्र के बाद स्मार्ट मीटर रूरल एरिया में लगाया जाएगा।

अगले साल से करेगा काम

स्मार्ट प्री-पेड मीटर सेवा के चालू होने में 6 से 8 महीने का समय लगेगा। यानी उपभोक्ताओं के घरों में यह मीटर अगले साल से काम करने लगेगा।

स्मार्ट प्री-पेड मीटर उपभोक्ताओं के घरों में अगले माह से लगाया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को काफी सहूलियत होगी, जिस उपभोक्ता को जितनी बिजली की जरूरत होगी उतनी ही राशि का रिचार्ज करा सकेगा। इस सेवा से सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं को लाभ होगा।

-पीके श्रीवास्तव, जीएम, रांची सर्किल, जेबीवीएनएल