रांची: लालपुर को जाम से मुक्त बनाने के लिए सरकार वहां फ्लाईओवर बनाने जा रही है। लेकिन सबसे खास बात यह है कि यह फ्लाईओवर पूरे राज्य का सबसे हाईटेक टेक्नोलॉजी वाला बनेगा। इसे स्टील फ्रेम के पिलर पर प्री फैब रखकर तैयार किया जाएगा। कोलकाता में हो रहे फ्लाइओवर निर्माण की तकनीक की तर्ज पर लालपुर फ्लाइओवर का निर्माण किया जाएगा। नगर विकास विभाग द्वारा लालपुर फ्लाईओवर का डिजाइन तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। विभाग अपने अधिकारियों व अभियंताओं की टीम को फ्लाईओवर निर्माण की तकनीक का मुआयना करने कोलकाता भेजेगा। हालांकि, कोरोना संक्रमण के भय से अभी टीम कोलकाता नहीं जा रही है। संक्रमण की आशंका खत्म होने के बाद ही टीम को भेजा जाएगा।

हाईटेक टेक्नोलॉजी

कोलकाता में फ्लाईओवर निर्माण के लिए आधुनिकतम तकनीक का प्रयोग किया जा रहा है। इसमें स्टील फ्रेम के पिलर पर प्री फैब रख कर फ्लाईओवर तैयार किया जाता है। इससे कम समय में पूरी गुणवत्ता और मजबूती के साथ फ्लाईओवर का निर्माण किया जाता है।

डीपीआर तैयार

लालपुर फ्लाईओवर के लिए परामर्शी कंपनी रॉडिक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार कर चुकी है। पिछले वर्ष रॉडिक से अरगोड़ा, करमटोली और लालपुर फ्लाईओवर के लिए डीपीआर बनवाया गया था। हालांकि, अब विभाग ने अरगोड़ा और करमटोली चौक पर फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव फिलहाल ठंडे बस्ते में डाल दिया है। जबकि, लालपुर में निर्माण शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। पूर्व में तैयार डीपीआर में लालपुर फ्लाईओवर 1855 मीटर लंबा प्रस्तावित था। कचहरी चौक के 50 मीटर आगे से डंगराटोली चौक से 60 मीटर पहले तक फ्लाईओवर का निर्माण करने की योजना थी।