रांची(ब्यूरो)। बारिश की वजह से राजधानी रांची में 15 हजार से अधिक स्ट्रीट लाइट्स खराब हो गए हैैं। इससे सिटी के कई इलाकों में शाम के बाद अंधेरा छा जाता है। इससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है। लोगों की दिक्कत को देखते हुए नगर आयुक्त अमित कुमार ने स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने के निर्देश दिया है। इसके बाद रांची नगर निगम ने 30 टीमों का गठन किया है, जो हर गली मोहल्ले में जाकर स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करेंगी।

चार जोन में बांटा गया है

सिटी की स्ट्रीट लाइट्स को दुरुस्त करने के लिए शहर का कुल चार जोन में बांटा गया है। इसके साथ ही कर्मचारियों तैनाती भी की गई है। हर जोन के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है, ताकि लोग हेल्पलाइन द्वारा अपने मोहल्ले की स्ट्रीट लाइट्स की स्थिति के बारे में जानकारी दें।

सुरक्षा के लिए भी खतरा

वीआईपी इलाके भी अंधेरे में हैं। वीआइपी सड़कों पर स्ट्रीट लाइट नहीं जलती है। इससे रात में आवागमन करने वालों को काफ दिक्कत हो रही है। यही नहीं, महिला सुरक्षा के लिहाज से भी यह काफी खतरनाक है। लोगों ने कई बार स्ट्रीट लाइट के बारे में शिकायत की। अब नगर निगम जागा है।

कांके रोड भी अंधेरे में

कांके रोड में भी कई जगह स्ट्रीट लाइट खराब है। इस रोड से हजारीबाग, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा की ओर से रांची आने वाली गाडिय़ां जाम से बचने के लिए मेदांता अस्पताल के पास से रिंग रोड पकड़ कर बीएयू कांके रोड की ओर से आती हैं। शाम के बाद भी काफी संख्या में गाडिय़ां इस ओर से गुजरती हैं। इसके बावजूद यहां सड़क पर लाइट नहीं जल रही है। हाल के दिनों में राज्य भर का सबसे बड़ा पर्यटन स्थल पतरातू बन गया है। दूसरे राज्यों से भी यहां घूमने के लिए लोग आते हैं। इस सड़क पर पतरातू में घूमने के लिए लोग जाते हैं। वो शाम होने के बाद वापस रांची लौटते हैं, इस सड़क पर लोग बहुत स्पीड भी चलते हैं, लेकिन अंधेरा होने के कारण कई बार लोग एक्सिडेंट भी कर लेते हैं।

यहां करें शिकायत

आप नीचे दिए गए मोबाइल नंबर्स पर कॉल करअपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इसके अलावा एक टोल फ्री नंबर 18001803580 पर 24 घंटे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

7488259803

7257000145

9431798116

7257000151