रांची: आज घर से निकलना मना है। जी हां, शनिवार की शाम 4 बजे से लेकर सोमवार की सुबह 6 बजे तक सिटी में संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। इस दौरान सिर्फ मेडिकल सर्विस को छोड़कर बाकी सबकुछ बंद रहेगा। यानी संडे पूरा लॉकडाउन रहेगा। दरअसल, कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने को लेकर राज्य सरकार की ओर से यह संपूर्ण लॉकडाउन लागू किया गया है। इतना ही नहीं, इस दौरान लॉकडाउन के नियमों का सख्ती से पालन कराने को लेकर पुलिस भी तत्पर है ताकि रांची जिला को पूर्णरूप से कोरोना मुक्त किया जा सके। एसएसपी सुरेंद्र झा ने कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने को लेकर संबंधित पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया है।

सख्ती से निपटेगी पुलिस

एसएसपी ने कहा कि वैश्रि्वक महामारी कोरोना से बचाव के लिए लॉकडाउन का पालन करते हुए शारीरिक दूरी का ख्याल रखना बेहद जरूरी है। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाए। एसएसपी ने कहा कि लोग कोरोना से बचाव के प्रति सजग हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। पुलिस व प्रशासन लोगों के सहयोग से अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। सभी के सहयोग की बदौलत ही इस वैश्रि्वक महामारी से जंग में जीत हासिल की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रशासन के लॉकडाउन के निर्देश का पालन नहीं करेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जब प्रशासन कोई जरूरी आदेश जारी करता है और उसका पालन नहीं किया जाएगा तो पुलिस हर हाल में एक्शन लेगी।

चौक चौराहों पर तैनाती

लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास करेगी। रांची पुलिस कल हर चौक चौराहे पर मास्क चेकिंग करेगी। रांची पुलिस ने लालपुर चौक, करम टोली चौक, राजेंद्र चौक, बिरसा चौक, बहुबाजार चौक , सुजाता चौक, कांटाटोली चौक, अल्बर्ट एक्का चौक पर लोगों से पूछताछ करेगी। पुलिस के बड़े अफसरों ने लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से मना किया है। आपको बता दें कि शहर के सभी थाना क्षेत्रों में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्त कर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने की जिम्म्मेदारी दी गयी है।

थानावार दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति

1. लालपुर थाना - सागर प्रताप सिंह, ईई एनआरईपी वन

2. सदर थाना- निशांत अंजुम, प्रोबेशनरी उप समाहर्ता

3. डेली मार्केट थाना - कोमल कुमारी, प्रोबेशनरी उप समाहर्ता

4. हिन्दपीढ़ी थाना- आकाश कुमार, प्रोबेशनरी कर सेवा पदाधिकारी

5. बरियातू थाना - हरिनारायण भगत, प्रोबेशनरी कर सेवा पदाधिकारी

6. लोअर बाजार थाना - संजीत घोष, प्रोबेशनरी कर सेवा पदाधिकारी

7. चुटिया थाना- रूपम महतो प्रोबेशनरी कर सेवा पदाधिकारी

8. डोरंडा थाना धीरज कुमार- प्रोबेशनरी उप समाहर्ता

9. नामकुम थाना - अतुल कुमार, प्रोबेशनरी कर सेवा पदाधिकारी

10. तुपुदाना ओपी - कृति वर्धन, प्रोबेशनरी कर सेवा पदाधिकारी

11. धुर्वा थाना - राहुल कुजुर, साउथ सर्किल

12. जगरनाथपुर थाना - मनीष कुमार, प्रोबेशनरी उप समाहर्ता

13. अरगोड़ा थाना - आरबी सिंह, ईई पथ निर्माण विभाग पथ प्रमंडल शहरी

14. सुखदेव नगर थाना- सबिता सिंह प्रोबेशनरी उप समाहर्ता

15. पंडरा ओपी - वीर सिंह होरो, वेस्ट सर्किल

16. गोंडा थाना- नवीन प्रसाद साहू, प्रोबेशनरी कर सेवा पदाधिकारी

17. कांके थाना- राज कृष्ण, साउथ सर्किल

18. कोतवाली थाना- संजीव कु सिन्हा, साउथ सर्किल

सुबह से भीड़, शाम में सन्नाटा

शनिवार सुबह से ही लोग फल, सब्जियां, राशन, दूध व अन्य सामान अधिक मात्रा में खरीदते नजर आए, ताकि रविवार को उन्हें दिक्कत न हो। शाम चार बजे तक की खरीदारी के बाद राजधानी समेत राज्यभर में लोग अपने-अपने घरों में कोरोना को हराने के संकल्प के साथ कैद हो गए। वहीं लाकडाउन को लेकर चौक-चौराहों समेत जगह-जगह सुरक्षा में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। अनावश्यक सड़कों पर निकलने वाले लोगों से पुलिस पूछताछ करती नजर आई। राज्य सरकार ने संकेत दिया है कि 17 जून तक लागू अनलाक अवधि के बाद भी सरकार सप्ताहांत के लाकडाउन की व्यवस्था जारी रख सकती है।