रांची: रांची नगर निगम ने स्वच्छता सर्वे को लेकर सफाई व्यवस्था में काफी सुधार किया है। नई एजेंसी ने भी डोर टू डोर कलेक्शन, ट्रांसफर का काम तेजी से कवर किया है। इसके अलावा अब डिस्पोजल का भी काम शुरू करने की तैयारी कर ली गई है, जिसके लिए गेल इंडिया ने नगर निगम के साथ करार कर लिया है। ऐसे में नगर निगम को वेस्ट कलेक्शन, सफाई पर तो नंबर मिलने की उम्मीद है। लेकिन इस बार स्वच्छता सर्वे में नगर निगम की नैया पार पब्लिक ही लगाएगी।

स्वच्छता एप्प डाउनलोडिंग तेज

नगर निगम ने स्वच्छता में सपोर्ट करने की लोगों से अपील की थी। इसके बाद लोगों को एप भी डाउनलोड करते हुए इसका इस्तेमाल करने को कहा गया। साथ ही लोगों से अपनी सिटी के लिए वोट करने को कहा गया, जिसमें 48,633 लोगों ने एप डाउनलोड कर उसी से वोटिंग की है, जबकि 83249 लोगों ने ओटीपी के आधार पर वोटिंग की है, जिससे समझा जा सकता है कि लोग अवेयर हो रहे हैं।

नगर निगम के पास सिर्फ एक माह

कोरोना महामारी के कारण इस बार स्वच्छता सर्वे को भी तीन महीने का एक्सटेंशन मिल गया। इसके तहत अब सर्वे मार्च में होना है। हालांकि सभी नगर निगम ने अपनी ओर से तैयारी कर रखी थी। लेकिन कोरोना के कारण पूरा फोकस सेनेटाइजेशन पर था। ऐसे में जब एक्सटेंशन मिला तो नगर निगम के अधिकारियों और कर्मियों ने थोड़ी राहत की सांस ली। हालांकि अब एक महीने का समय ही रांची नगर निगम के पास है।

सर्वे को लेकर सफाई का निर्देश

नगर निगम के अधिकारियों ने सर्वे को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ड्राइव चलाने का निर्देश दिया है, जिसके तहत हर हाल में सफाई कराने के अलावा ब्लीचिंग का छिड़काव भी कराने को कहा गया है। इसके अलावा रोड साइड का कचरा भी उठाया जा रहा है। वहीं मेकेनाइज्ड स्वीपिंग के तहत सड़कें चकाचक दिखाई दे रही हैं। इसे हर हाल में मेनटेन रखने को कहा गया है।