रांची(ब्यूरो) । लोक आस्था के महापर्व छठ में महज गिनती के दिन बचे हुए हैं। व्रतियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैंं। साथ ही रांची नगर निगम भी व्रतियों के लिए तैयारी में जुट गया है। छठ पूजा से पहले रांची नगर निगम 30 लाख रुपए की लागत से चार प्रमुख तालाबों का सौंदर्यीकरण करेगा। इनमें जेल तालाब, चडरी तालाब, अरगोड़ा तालाब और स्वर्ण रेखा छठ तालाब शामिल हैं। निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर में छोटे-बड़े 99 जलाशय हैं। कई जलाशय ऐसे भी हैं, जिनका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। इस कारण छठ करने वाले व्रतियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। इसलिए इस बार नगर निगम द्वारा शहर के चार प्रमुख तालाबों का सौंदर्यीकरण करने का निर्णय लिया गया है, जिससे की छठ के दौरान लोगों को पर्व मनाने में कोई दिक्कत ना हो।

खतरों से बचाना भी जिम्मेवारी

रांची नगर निगम सभी छठ घाटों की सफाई के साथ रेड रिबन भी लगाएगा, ताकि लोग गहराई की तरफ न जाएं और किसी भी तरह की अनहोनी ना हो। सभी घाटों पर चेंजिंग रूम भी बनाया जाएगा। नगर निगम द्वारा घाटों में फैली गंदगी को साफ की जाएगी। साथ ही घास कटिंग और तालाबों में खतरनाक स्थलों की पहचान भी की जाएगी। नगर निगम के अपर प्रशासक कुंवरसिंह पाहन ने कहा कि हर साल छठ से पहले नगर निगम द्वारा सभी घाटों की साफ-सफाई कराई जाती है। इस साल भी शहर में विशेष अभियान चलाकर सफाई करवाई जा रही है। साथ ही 30 लाख की लागत से शहर के चार तालाबों का सैंदर्यीकरण कार्य भी करवाया जाएगा। इसके लिए टेंडर निकाल दिया गया है, जल्द ही कंपनियों का चयन कर काम खत्म किया जाएगा।

99 जलाशयों में होती है छठ पूजा

राजधानी रांची में छठ पूजा 99 जलाशयों के घाट पर होती है। इनमें तालाब और डैम शामिल हैं। रांची नगर निगम ने इन जलाशयों की सूची तैयार कर ली है। इन सभी के आसपास हर हाल में छठ से पहले सफ ाई करा दी जाएगी। इन तालाब और डैम की साफ सफाई के लिए रांची नगर निगम ने जोनल अधिकारी तैनात किए हैं। नगर निगम ही इन छठ घाटों की साफ -सफ ाई की व्यवस्था करेगा।

इन जलाशयों में होगी छठ पूजा

कांके डैम, टिकली टोला तालाब, मिशन गली, हातमा बस्ती, एदलहातू तालाब, मोरहाबादी दिव्यायन तालाब, तेतर टोली तालाब, बडग़ाईं तालाब, भरम टोली तालाब, पीएचईडी तालाब, न्यू नगर बांधगाड़ी तालाब, जुमार नदी, तिरिल तालाब, जोड़ा तालाब, बरियातू यूनिवर्सिटी तालाब, भाभा नगर तालाब, डिस्टिलरी तालाब, टुनकी टोला तालाब, केतारी बागान तालाब, सांगलांग बस्ती तालाब, धुमसा टोली तालाब, स्वर्णरेखा नदी नामकुम, बनस तालाब, मुकचुनटोली तालाब, चडरी तालाब, जेल तालाब, करम टोली चौक तालाब, हटनिया तालाब, बड़ा तालाब, कडरू बस्ती तालाब, जनता फ्लैट चाला नगर तालाब, एलआइजी तालाब, मधु कम बस्ती तालाब, कटहल गोंदा तालाब, देवी मंडप सरोवर नगर तालाब, भट्ठा गढा कांके डैम, हेहल तालाब, गंगानगर तालाब, हरमू नदी तालाब, विद्यानगर तालाब हरमू, अरगोड़ा बस्ती तालाब, पुंदाग बस्ती तालाब, अलकापुरी तालाब, जगन्नाथपुर बस्ती तालाब, नया टोला बस्ती तालाब, छोटा डैम, शालीमार तालाब, धुर्वा डैम, बटन तालाब, पावर हाउस तालाब चुटिया, कमरू तालाब, खजुरिया तालाब, नामकुम हाईटेंशन गली नंबर एक स्वर्णरेखा नदी, श्रीनगर कॉलोनी स्वर्णरेखा नदी, नामकुम कॉलोनी स्वर्णरेखा नदी, सिपाही पुल स्वर्णरेखा नदी, पंडित सदन कॉलोनी स्वर्णरेखा नदी, घाघरा घाट हुंडरू बस्ती तालाब, लटमा रोड छठ घाट, नेपाली कॉलोनी छठ घाट, हेसाग तालाब, पटेल नगर छठ घाट, रिवरव्यू छठ घाट, चंद्रशेखर तालाब, हटिया स्वर्णरेखा, बसारगढ़ तालाब, जगन्नाथपुर बस्ती तालाब, नया टोला बस्ती तालाब आदि।

घाट जाने के रास्ते भी होंगे साफ

नगर निगम ने अभियान प्रबंधकों को निर्देश दिया है कि छठ घाटों के पास फैली गंदगी को हर हाल में साफ कर दिया जाए। इसके अलावा, घास की कटिंग कराई जाए, तालाबों में खतरनाक स्थलों की पहचान भी कर ली जाए, ताकि सुरक्षा के इंतजाम किए जा सकें। इसके अलावा तालाब के चारों तरफ ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराया जाए। तालाब तक जाने वाले रास्तों की भी साफ.-सफाई कराई जाए।