रांची : बरियातू इलाके की यूनिवर्सिटी कालोनी में रिम्स में कार्यरत नर्स प्रभा सिंह के घर चोरी हो गई। जेवरात सहित ढाई लाख रुपये चोर ले उड़े। जबकि घर में रखे करीब 20 हजार रुपये के नोट और कुछ दस्तावेजों को जला डाला। घटना 12 जून से लेकर 20 जून के बीच की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार प्रभा सिंह की सास का निधन हो गया था। जिनके श्राद्धकर्म में शामिल होने के लिए बीते 12 जून को प्रभा सिंह घर में ताला बंद कर बिहार के मुजफ्फरपुर गईं थीं। 21 जून की सुबह जब पूरा परिवार लौटा, तो देखा कि घर का ताला टूटा हुआ था। घर के सामान बिखरे पड़े थे। अलमारी का लॉक टूटा था और उसमें रखे करीब दो लाख के गहने, 60 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामान गायब थे। इसकी सूचना बरियातू थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। हालांकि चोरों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

नोट और दस्तावेजों का जलना आश्चर्यजनक

नर्स के घर में चोरी के अलावा उनके अलमारी में रखे 100-100 रुपये के करीब 20 हजार नोट जला दिए गए। आग वहीं लगाई गई, जहां पर अलमारी है। नोट के अलावा शैक्षणिक प्रमाण पत्र, रिम्स की नौकरी से संबंधित दस्तावेजों को जला दिया गया। ऐसी हरकत आश्चर्यजनक है। चूंकि चोर पैसे नहीं जलाते, ऊपर से दस्तावेज भी जलाए गए हैं। पुलिस को शक है कि किसी परिचित ने दुर्भावना में आकर घटना को अंजाम दिया हो। हालांकि अलग-अलग पहलुओं पर पुलिस छानबीन में जुट गई है। इस घटना की जानकारी किसी भी पड़ोसियों को नहीं है। किसी ने इसकी जानकारी नर्स या परिजनों को नहीं दी।

मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। जब घर में कोई नहीं था, तब चोरों ने घटना को अंजाम दिया। चोरों ने कुछ पैसे और दस्तावेज जलाए हैं। इससे साजिश की बू आ रही है।

सपन महंथा, बरियातू थाना प्रभारी