रांची: पुंदाग ओपी स्थित भगवती नगर इलाके में सात चोरी माफ है। जी हां, जिस तरह इस इलाके में चोरी की वारदात हो रही है उसे देख यह कहना गलत नहीं होगा। बात 2018 की है जब अरगोड़ा पुुंदाग के भगवती नगर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। इससे पहले भी कभी-कभार यहां चोरी की वारदात होती रही हैं। लेकिन बीते एक महीने में हुई दर्जन भर चोरी की वारदातों ने यहां रहने वाले लोगों की चिंता की रेखाएं बढ़ा दी है। लगभग दस साल पहले इस इलाके में लोगों ने बसना शुरू किया था, आज भी यहां कई घर अंडर कंस्ट्रक्शन हैं। लेकिन जो लोग यहां बस गए हैं वे अब अपनी किस्मत पर रो रहे हैं। लोगों का कहना है इससे अच्छा होता किसी दूसरे इलाके में बस जाते या कहीं रेंट पर रहते। दरअसल, पुंदाग ओपी स्थित भगवती नगर इलाके में बीते एक महीने में आधा दर्जन घरों में चोरी हो चुकी है। कई घर तो ऐसे हैं जहां दो या उससे भी अधिक बार चोरी हुई है। चोरी की वारदातों से यहां के लोग कुछ इस तरह परेशान हो गए हैं कि अब खुद ही पोस्टर लगाकर बता रहे हैं कि इस घर में पहले ही चोरी हो चुकी है। दोबारा समय बर्बाद न करें। संजय खन्ना के अलावा चोरों ने सुरेश यादव, भूषण भगत, गौतम जायसवाल, विनय कुमार, जितेंद्र और मनोज कुमार के घर को भी निशाना बनाया है।

बैंक कर्मी संजय ने घर में लगाया पोस्टर

भगवती नगर के रहने वाले संजय कुमार बैंक के कर्मचारी हैं। यहां उन्होंने अपना मकान बनाया है। भगवती नगर के अलावा दूसरे इलाके में भी उनका मकान है। जिस वजह से भगवती नगर वाले मकान में थोड़ा कम आना-जाना रहता है। चोरों ने इसी का फायदा उठाते हुए इस घर को निशाना बनाया। शनिवार को ही संजय खन्ना के घर पर चोरी को अंजाम दिया गया है। एक महीना पहले भी चोरों ने इसी घर में हाथ साफ किया था। जिस वजह से अब संजय खन्ना ने चोरों को रोकने के लिए अलग उपाय निकाला है। उन्होंने पोस्टर पर इस सूचना को लिख घर के बाहर टांग दिया है।

लोग जा रहे घर छोड़कर

लगातार चोरी से परेशान अब यहां रहने वाले लोग भी घर खाली कर रहे हैं, जो इस इलाके में किराए पर रहते हैं वो दूसरी जगह शिफ्ट हो रहे हैं। वहीं जिन्होंने अपना मकान बना लिया है वे भी कुछ दिनों के लिए दूसरी जगह शिफ्ट कर रहे हैं। मनोज कुमार और जितेंद्र कुमार दूसरी जगह शिफ्ट कर गए हैं। हालांकि, दिन में दो से तीन बार आकर घर की जांच करते हैं एवं परिवार का एक सदस्य रात को सोने चला आता है। चोरी की लगातार हो रहे वारदात से आसपास के लोग भी भयभीत हैं। यहां रहने वाले लोगों ने बताया कि डर इस तरह से बढ़ गया है कि रात को थोड़ी सी आवाज से भी परिवार के सभी सदस्य अलर्ट हो जाते हैं।

दोबारा हुई चोरी

भगवती नगर के रहने वाले गौतम जायसवाल के घर एक साल में दो बार चोरी हो चुकी है। करीब एक साल पहले गौतम के घर पहली बार चोरी को अंजाम दिया गया। गौतम बताते हैं कि उस वक्त लगभग आठ लाख रुपए का सामान, कैश और कई चीजें चुरा ले गए थे। एक महीने फिर एक बार चोरों ने घटना को दुहराया। इस बार लगभग दो लाख रुपए के सामान की चोरी हुई थी। थाने में शिकायत की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

टुल्लू पंप भी चुरा ले गए

सुरेश यादव घर में कंस्ट्रक्शन का काम करा रहे हैं। फैमिली के मेंबर यहां शिफ्ट नहीं हुए हैं लेकिन चोरी की घटना से सहमे सुरेश हर दिन भगवती नगर वाले अपने मकान में आकर देखभाल करते हैं। सुरेश यादव ने बताया कि चोरों ने कई बार चोरी का प्रयास किया है। कुछ नहीं मिला तो टुल्लू पंप ही चुरा ले गए। इसके अलावा घर की पाइप को भी डैमेज कर दिया है।

घर से साइकिल उठा ले गए

इलाके में रहने वाले विनय कुमार ने बताया कि चोरों के आतंक से पूरा मुहल्ला दहशत में है। आये दिन किसी न किसी के घर चोरी हो रही है। थाने में शिकायत करके थक गए, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। हालांकि, सोमवार से पेट्रोलिंग शुरू हुई है। लेकिन इसे और तेज करने की जरूरत है। विनय ने बताया कि मेरे घर से भी साइकिल की चोरी हुई है।

लोकल लोगों का ही काम

मोहल्ले में रहने वाली शीतल कुमारी ने बताया कि यह किसी बाहरी का नहीं, बल्कि लोकल लोगों का ही काम है। चोरों को हर बात की जानकारी रहती है। किस घर के लोग बाहर जा रहे हैं। कौन सा घर खाली है। सारी बातों की जानकारी चोरों को होती है। शीतल ने बताया कि एक घर के मेंबर किसी काम से बाहर गए थे और उसी रात घर में चोरी हो गई। सीसीटीवी फुटेज अच्छे से खंगाला जाए तो चोर की पहचान हो सकती है। लेकिन पुलिस चोरों को पकड़ना ही नहीं चाहती है। कई आवेदन थाने में दिए गए है, अबतक कोई कार्रवाई नहीं हुई। न चोरों को पकड़ा गया और न ही चोरी के सामान बरामद हुए।