- पकड़े गए लोगों पर विधायकों की खरीद-फरोख्त की साजिश में शामिल होने का आरोप

- बेरमो विधायक अनूप सिंह की शिकायत पर पुलिस ने रांची के एक होटल से की गिरफ्तारी

- आरोपितों के पास से कांड में प्रयुक्त मोबाइल व दो लाख रुपये नकद बरामद

रांची : झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही सरकार को गिराने की साजिश का भंडाफोड़ हुआ है। रांची पुलिस ने बेरमो के विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह की शिकायत पर साजिश रचने के आरोप में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। तीनों के पास से दो लाख रुपये नकद व कई दस्तावेज मिले हैं। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि सरकार गिराने की साजिश में कौन-कौन लोग शामिल हैं और विधायकों की खरीद-फरोख्त करने की क्या योजना थी और किन-किन विधायकों को खरीदने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पकड़े गए लोगों के मोबाइल से भी कुछ राज सामने आ सकते हैं।

दो बोकारो व एक पलामू का

गिरफ्तार आरोपितों में पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला सीमेंट फैक्ट्री निवासी अभिषेक कुमार दुबे, बोकारो के सेक्टर-2सी, क्वार्टर नंबर-4 निवासी अमित सिंह व बोकारो के ही हरला थाना क्षेत्र के वैधमारा स्थित चिटाही बस्ती निवासी निवारण प्रसाद महतो शामिल हैं। अभिषेक कुमार दुबे वर्तमान में रांची के रातू रोड देवी मंडप रोड स्थित जगदीश इंक्लेव में रहता है। वहीं, अमित सिंह मूल रूप से बिहार के सिवान जिले के बिठुना गांव का रहने वाला है। इनके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल व दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। तीनों आरोपितों को शनिवार को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

षड्यंत्र को अंजाम को जुटान

बेरमो के विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह ने 22 जुलाई को रांची के कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस से शिकायत की थी कि झारखंड में चल रही झामुमो, कांग्रेस व राजद के गठबंधन की सरकार को अस्थिर करने की सूचना कई महीने से मिल रही थी। पहले भी कई विधायकों की छवि को धूमिल करने की कोशिश की जाती रही है। इसी क्रम में उन्हें सूचना मिली जो परेशान करने वाली थी। उन्हें सूचना मिली कि अलग-अलग जगहों के कुछ लोग राजनीतिक षड्यंत्र को अंजाम देने के लिए रांची में कैंप किए हुए हैं और हवाला के जरिये बड़े पैमाने पर लेनदेन की सूचना आ रही है। उन्हें यह भी जानकारी मिली कि सत्तारूढ़ दल के विधायकों की खरीद-फरोख्त और पैसे के लेनदेन के लिए बातचीत चल रही है, ताकि विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकार गिराई जा सके। कुछ बहुत ही रसूखदार लोग व फाइनेंसर छद्म नाम से कई होटलों में ठहरे हुए हैं और विधायकों के संपर्क में हैं। वे चाहते हैं कि विधायकों को प्रलोभन देकर सरकार के विरुद्ध साजिश कर सरकार को गिरा सकें।

-------

एक विधायक के साथ मुंबई से रांची आया था गिरफ्तार आरोपित अभिषेक

- महाराष्ट्र के दो विधायकों पर स्थानीय विधायकों को प्रलोभन देने का लगा है आरोप, जारी है जांच

- पुलिस की छापेमारी के पहले आरोपित अभिषेक कुमार दुबे के साथी हुए फरार

रांची : बेरमो के विधायक कुमार जयमंगल उर्फ अनूप सिंह के बयान पर रांची के कोतवाली थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसंधानकर्ता दारोगा कमलेश राय बनाए गए हैं। उन्होंने अदालत को बताया है कि कोतवाली थाने में 22 जुलाई को दर्ज प्राथमिकी की छानबीन के क्रम में तीनों आरोपित पकड़े गए हैं, जिन्हें पुलिस ने अप्राथमिकी अभियुक्त बनाया है। एक आरोपित अभिषेक कुमार दुबे रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में लाइन टैंक रोड स्थित एक होटल से पकड़ा गया। पुलिस की छापेमारी की सूचना पर अभिषेक के चार साथी फरार हो गए। इनमें महाराष्ट्र के एक विधायक के भी होटल से भागने की सूचना है, जबकि, दूसरे विधायक पुलिस की गिरफ्त में हैं। हालांकि, विधायक की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस को अभिषेक कुमार दुबे के पास से यात्रा टिकट भी मिला है और उसने स्वीकारा है कि उसके साथ एक झारखंड के भी विधायक मुंबई से रांची आए थे।

सीसीटीवी फुटेज से हो रही पहचान

रांची पुलिस की टीम ने लाइन टैंक रोड स्थित उक्त होटल का सीसीटीवी फुटेज भी पेन ड्राइव में ले लिया है। रांची पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज से फरार आरोपितों की पहचान कर रही है। संभव है कि जांच की आंच आगे कई लोगों की तक जाएगी। गिरफ्तार लोगों के संबंध एक दल विशेष के बड़े नेताओं से बताए जा रहे हैं।

---------

-----------

बोकारो से गिरफ्तार कर लाए गए हैं अमित व निवारण

- रांची पुलिस ने जिन तीन लोगों को गिरफ्तार दिखाया है, उनमें एक आरोपित अमित सिंह व दूसरा आरोपित निवारण प्रसाद महतो को एक दिन पूर्व ही रांची पुलिस ने बोकारो से गिरफ्तार किया है। निवारण प्रसाद महतो बोकारो के चिटाही बस्ती हरला का रहने वाला है और पेशे से फल व्यवसायी है। वह 2019 में हम पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुका है। वहीं, दूसरा आरोपित अमित सिंह बोकारो के सेक्टर 2सी का रहने वाला है और बोकारो स्टील प्लांट में ठेका पर काम करता है। इसके पिता का बोकारो में ही एक छोटा सा होटल है। रांची पुलिस की टीम ने बोकारो पुलिस के सहयोग से दोनों को पकड़ा था।

--