कब किसकी मौत हुई

सितंबर : एसबीआई के चीफ मैनेजर केके प्रसाद

4 सितंबर : एक अखबार के प्रकाशक सह संपादक अभय सिंह

6 सितंबर : सेलिब्रेशन बैंक्वेट के ओनर राकेश प्रसाद

- रांची में कोरोना से अब तक हो चुकी है 69 लोगों की मौत

- रोज मिल रहे हैं दो सौ से भी ज्यादा पॉजिटिव केसेज

रांची: कोरोना से एक के बाद रांची के कई नामचीन लोगों की मौत हो गई है। पिछले छह दिनों में तीन नामचीन लोगों ने कोविड-19 इंफेक्शन के कारण जान गंवाई। ये सभी ऐसे लोग थे, जो खुद हाईजीन का ख्याल रखते थे और इनकी उम्र भी 60 वर्ष से कम ही थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इन्फेक्शन का खतरा कितना बढ़ गया है।

अचानक हुई मौत

रविवार को रांची के करमटोली स्थित सेलिब्रेशन बैंक्वेट हॉल के मालिक राकेश प्रसाद (रॉकी) की मौत हो गई। वे कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद पिछले 14 दिनों से अपने घर पर ही रहकर इलाज करा रहे थे। रविवार को सुबह चार बजे उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई। आनन-फानन उन्हें मेन रोड स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। ऐसे ही अचानक मृत्यु के दो और मामले पिछले छह दिनों में सामने आए हैं। इससे पहले 1 सितंबर को एसबीआई जोनल ऑफिस के चीफ मैनेजर केके प्रसाद की भी मौत एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई थी। इसके बाद 4 सितंबर को एक अखबार के प्रकाशक तथा मुख्य संपादक अभय सिंह की भी मृत्यु अचानक हुई। उन्हें भी सांस लेने में परेशानी के बाद रात में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था और सुबह होने से पहले ही उनका निधन हो गया था।

हर दिन मिल रहे हैं सैकड़ों संक्रमित

रांची में कोरोना का कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो चुका है। यही वजह है कि अब हर रोज सैकड़ों की संख्या में नए संक्रमित मिल रहे हैं। सिटी का ऐसा कोई इलाका नहीं, जहां से संक्रमित नहीं मिल रहे हों। रविवार को भी रांची में 348 मरीज मिले। हालांकि, रिकवरी भी अच्छी खासी संख्या में हो रही है, लेकिन अब भी राष्ट्रीय औसत से झारखंड पीछे है। रविवार को रांची से 632 मरीज स्वस्थ हुए और विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज हासिल कर अपने घरों को वापस लौटे। दूसरी ओर, राज्य भर के सभी जिलों से बड़ी संख्या में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने से अब कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 50 हजार के पास पहुंच गया है। हालांकि, 35 हजार से ज्यादा मरीजों के ठीक होने के बाद अब राज्य भर में 15 हजार से कुछ ज्यादा एक्टिव मरीज बच गए हैं।