- आईआरबी के जवान सहित छह की मौत, 926 नए मामले

-17 हजार से अधिक हुई कुल संक्रमितों की संख्या, 160 की हो चुकी है मौत

- गिरिडीह में भी 286 नए मरीजों की पहचान, राज्य में छह की मौत

रांची में कोरोना बेकाबू हो चुका है। शनिवार को इन्फेक्शन के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त हो गए। एक दिन में सबसे ज्यादा मामले मिलने के मामले में रांची ने 308 केसेज के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है। इसके साथ ही राज्य भर में 926 पॉजिटिव केसेज मिले हैं। अच्छी बात यह है कि रांची में 104 लोगों ने कोरोना को मात दी है। वहीं शनिवार को राज्य भर से स्वस्थ होने वालों की संख्या 822 रही।

आईआरबी के जवान की मौत

राज्य में आईआरबी के एक जवान सहित छह कोरोना मरीजों की मौत इलाज के क्रम में शनिवार को हो गई। जवान को छोड़कर सभी मरीज वृद्ध थे तथा सांस और अन्य बीमारियों से जूझ रहे थे। आईआरबी के जिस जवान की मौत हुई है वह रांची के ही मेसरा का रहनेवाला था। वहीं, जमशेदपुर के टीएमएच में भी इलाजरत चार कोरोना मरीजों की मौत हो गई। इनमें से तीन की उम्र 75 वर्ष से अधिक थी। सभी मरीजों को सांस की समस्या थी। इसके अलावा गोड्डा तथा कोडरमा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

राज्य भर में 8983 सक्रिय मरीज

रांची में कई पुलिसकर्मी सहित बड़ी संख्या में मरीजों के मिलने की सूचना है। राज्य में अब सक्रिय मरीजों की संख्या 8983 हो गई है। कोरोना के कुल मामले 17468 हो गए हैं, जिनमें 8325 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। राज्य में अबतक 160 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। इनमें अधिसंख्य वृद्ध और अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे।

कोरोना पॉजिटिव पाए गए नगर उपायुक्त

रांची नगर निगम के एक नगर उपायुक्त कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एहतियात के तौर पर नगर निगम कार्यालय को सील कर दिया गया है। नगर आयुक्त ने कार्यालय को बंद कर दिया है। उनके आदेशानुसार नगर निगम 13 अगस्त तक बंद रहेगा। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम का आदेश दिया गया है। नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि इस दौरान सभी अधिकारी और कर्मचारी यह सुनिश्चित करेंगे कि उनका मोबाइल फोन ऑन रहे। मोबाइल फोन बंद रहने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम को सील करने के बाद इसे सैनिटाइज कराया जा रहा है। नगर निगम के सभी दफ्तरों को सैनिटाइज किया जा रहा है।

चलती रहेगी शहर की सफाई

स्वतंत्रता दिवस की तैयारी को देखते हुए शहर की साफ सफाई की व्यवस्था पूर्व की तरह चलती रहेगी। नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने निर्देश दिया है कि साफ-सफाई में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस अवधि में किसी भी तरह की परेशानी होने पर उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार और सहायक स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी किरण कुमारी समन्वयक पदाधिकारी के तौर पर कार्य करेंगे। दोनों अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि सफाई व्यवस्था समेत अन्य कामों पर पूरी तरह निगरानी रखें।

एक सप्ताह से नहीं आ रहे थे दफ्तर

नगर उपायुक्त करीब एक सप्ताह से कार्यालय नहीं आ रहे थे। उनके कोरोना पाजिटिव पाए जाने के बाद अब परिवार के सदस्यों और उनके चालक की भी कोरोना जांच कराई जा रही है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस दौरान वो और किसके संपर्क में आए। अधिकारियों का कहना है कि नगर उपायुक्त में अभी कोरोना के लक्षण नहीं हैं।

सुपरवाइजर के संपर्क में आने से हुए पॉजिटिव

नगर निगम सफाई कर्मियों की जांच करा रहा है। इस क्रम में तीन सफाई कर्मियों को कोरोना पाजिटिव पाया गया था। माना जा रहा है कि ये सफाई कर्मी जरूर किसी सुपरवाइजर के संपर्क में आए होंगे। इसके बाद सुपरवाइजर नगर आयुक्त से या अन्य अधिकारी से मिला और इस तरह नगर उपायुक्त तक कोरोना संक्रमण पहुंचा।