रांची(ब्यूरो)। राजधानी की सड़कों पर यदि आप चल रहे हैं तो अब गूगल आपको सड़क की स्थिति से अवगत कराएगा। किस सड़क पर जाम लगा है, किस सड़क से निकलने में सुविधा होगी, कहां डायवर्सन है, कितनी दूर पर पुल ओवरब्रिज है आदि ऐसे ही जानकारी आप ड्राइव करते हुए अपने मोबाइल फोन पर फौरन पा सकेंगे। दरअसल, रांची नगर निगम और गूगल के बीच समझौता हुआ है, जिसके अनुसार गूगल मैप पर सड़क का अपडेट आता रहेगा। इस तरह का एक्सपेरीमेंट झारखंड के लिए पहली बार हुआ है। राजधानी रांची से इसकी शुरुआत हो रही है। स्थायी पार्किंग एवं महत्वपूर्ण कार्यक्रमों के दौरान बनाए गए अस्थायी पार्किंग स्थल को दर्शाया जाएगा। रूट डायवर्जन होने पर वन वे लेन और टू वे लेन की जानकारी दी जाएगी। सड़क पर किसी अवरोध या दुर्घटना की जानकारी अपडेट होगी। गूगल मैप यात्री को गंतव्य तक पहुंचने में जो सबसे कम समय लगने वाले मार्ग होगा, उसे दिखाएगा।

स्पीड लिमिट पर रहेगी नजर

इसका ट्रायल पूरा कर लिया गया है। गूगल मैप में अभी राजधानी के सड़क मार्ग के डायवर्ट होने की जानकारी मिलने लगी है। धीरे-धीरे यातायात से जुड़ी हर जानकारी गूगल मैप से मिलने लगेगी। मेट्रो सिटी की तर्ज पर ही रांची में भी अब हर इलाके में स्पीड लिमिट तय किए जाने की तैयारी है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्पीड लिमिट तय हो जाने से सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। गूगल मैप से ट्रैफिक सिग्नल मैनेजमेंट की जांच होगी। इससे देखा जाएगा कि किस सड़क पर ट्रैफिक का अधिक लोड है। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा उस सड़क पर वाहनों का लोड देखते हुए सिग्नल लाइट की टाइमिंग सेट की जाएगी।

सिग्नल ऑप्टिमाइज का भी प्रयास

ट्रैफिक पुलिस द्वारा निर्गत सड़क बंद, रोड डायवर्जन की जानकारी गूगल पर दिखेगी। जिससे यात्री इसके आधार पर अपने गंतव्य स्थान तक जा सकेंगे। गूगल मैप पर पहले चरण की जानकारी शुरू हो गई है। इसके साथ ही आगे आने वाले चरणों में राज्य सरकार द्वारा निर्धारित की गई स्पीड लिमिट भी गूगल मैप पर दिखाई जाएगी। इसके साथ ही आने वाले दिनों में रांची ट्रैफिक पुलिस गूगल मैप के साथ मिलकर ट्रैफिक लाइट को ऑप्टिमाइज करने की दिशा में काम करेगी, जिससे वेटिंग टाइम कम किया जा सके।

स्मार्ट हो रहा ट्रैफिक सिस्टम

राजधानी रांची के ट्रैफिक सिस्टम को लगातार स्मार्ट बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इमरजेंसी कॉल बॉक्स सिस्टम, ई-चालान सिस्टम शुरू हुआ है। अब गूगल से भी समझौता कर लिया गया है, जिससे मोबाइल फोन पर सिटी की सड़क का अपडेट मिलेगा। साथ ही ट्रैफिक पुलिस ट्रैफिक स्मूद करने के लिए सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल कर रही है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर पर ट्रैफिक का अपडेट दिया जा रहा है। इसके अलावा व्हाट्सएप ग्रुप पर भी पर भी फिलहाल ट्रैफिक पुलिस एक्टिव नजर आ रही है। हालांकि समस्त प्रयास के बाद भी शहर में जाम की समस्या से निजात नहीं मिला है। जाम से बचने के उपाय पर पुलिस काम जरूर कर रही है। लेकिन इसे कंट्रोल करने के लिए फिलहाल कोई कदम नहीं उठाए गए है।

पहली बार ऐसा समझौता हुआ है। पुलिस द्वारा गूगल को पहले ही यातायात से संबंधित जानकारी दे दी जा रही है, ताकि समय से गूगल मैप में डिटेल अपलोड हो जाए और लोगों को परेशानी नहीं हो। इसे आगे और भी सशक्त किया जाएगा।

-कुमार गौरव, ट्रैफिक एसपी, रांची