रांची (ब्यूरो) । प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार दूबे ने कहा हमारी रक्त की धमनियों में कांग्रेस पार्टी और विचारधारा दौड़ रही है। 32 वर्षों की तपस्या को अगर पार्टी से निकालना ही एकमात्र विकल्प है तो यह शौक भी दूसरे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पूरा कर लें। दूसरे दलों से आये हुए लोग आज पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को अपमानित कर रहे हैं और उन्हें निशाना बनाया जा रहा है और विशेषकर यह बात साफ हो चुकी है कि प्रदेश अध्यक्ष अपनी व्यक्तिगत दुश्मनी एवं अहंकार का बदला सिर्फ हम तीन चार निष्ठावान कार्यकर्ताओं से निकाल रहे हैं। संगठन व्यक्तिगत दुश्मनी निकालने का मंच नहीं है। हमारे दिल और दिमाग से कांग्रेस को कोई नहीं निकल सकता है।

जांच का विषय है

आलोक दूबे ने कहा 4 दिसंबर 2022 को जिला अध्यक्षों के मनोनयन से लेकर 13 दिसंबर 2022 को प्रदेश पदाधिकारियों के मनोनयन के बीच कई नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी का पुतला जलाया, नारेबाजी की, प्रदर्शन किया,ऐसे नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष ने अहमियत पद देकर सुशोभित किया और मान बढ़ाया जो अपने आप में जांच का विषय है। उन्होंने कहा हमारे जवाब से अगर प्रदेश अध्यक्ष असंतुष्ट थे या समय देने में असमर्थ थे तो वह हमें बुलाकर हमारा पक्ष ले सकते थे और अनुशासन समिति की बातों से अवगत करा सकते थे लेकिन ऐसा नहीं करके मीडिया के माध्यम से हमारी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा एवं सम्मान को जानबूझकर ठेस पहुंचाने का काम किया है।

हकीकत की हो जांच

कांग्रेस नेता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि 2024 की चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए जो मुद्दे हम उठा रहे हैं और प्रदेश अध्यक्ष के संबंध भाजपा नेता आरपीएन सिंह से होने का दावा कर रहे हैं, कांग्रेस हाईकमान से मांग करते हैं कि गोपनीय तरीके से एआईसीसी पर्यवेक्षक बेचकर जमीनी हकीकत की जांच करा लें, दूध का दूध पानी का पानी हो जाएगा। उन्होंने कहा पार्टी के बेहतर भविष्य के लिए हम चाहते हैं कि झारखंड में प्रदेश कांग्रेस का नेतृत्व किसी आदिवासी नेता को बनाया जाए। पूरे देश में झारखंड ही एकमात्र ऐसा प्रदेश है जहां हम आदिवासी के हाथों में नेतृत्व देते हैं और इसके सुखद परिणाम हमें देखने को मिला, 2019 के विधानसभा चुनाव में प्रचंड मतों से एक जनोपयोगी सरकार का गठन हुआ। वहीं कांग्रेस नेता डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा कि झारखंड के सभी 24 जिलों के कार्यकर्ता एक सौ की संख्या में जनवरी के तीसरे सप्ताह में दिल्ली जाकर अपनी भावनाओं से कांग्रेस हाईकमान को अवगत कराऐंगे। वहीं बोकारो से प्रदेश कांग्रेस सचिव साधु शरण गोप ने कहा कि कांग्रेस के कोर वोट का राजेश ठाकुर ने अपमान किया है।

---