RANCHI: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर मोरहाबादी मैदान के बापू वाटिका पहुंचे राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बापू के सपनों का देश बनाने के लिए हमें त्याग और समर्पण की भावना से काम करने की जरूरत है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का दर्शन सत्य और अहिंसा पर आधारित है। हिंसा का समाज में कोई स्थान नहीं है। महात्मा गांधी ने बिना भेदभाव के गरीबी मुक्त और स्वावलम्बी देश का सपना देखा था। उन्होंने कहा कि गांधी जी के दिखाये रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। हम सभी को बापू के दिखाए रास्ते और उनके आदर्शो की परंपरा को बनाये रखनी है।

बापू के गुण जीवन में करें आत्मसात

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने भी बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कहा कि परायी पीर को अपना समझ उसे दूर करने का प्रयत्न ही महात्मा गांधी का संदेश था। बापू के इस गुण को हमें इसे अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। इस अवसर पर बापू वाटिका स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा स्थल पर भजन मंडली के कलाकारों ने बापू के प्रिय भजन व रामधुन प्रस्तुत किये। राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री सहित कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा।

राष्ट्रपिता जैसा व्यक्तित्व देश ने पाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का इस देश में होना हम सबों को गर्व महसूस कराता है। हम सभी को इस बात का गर्व होना चाहिए कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जैसा व्यक्तित्व हमारे देश ने पाया था। हेमंत सोरेन ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जिसमें हर व्यक्ति सुखी और समृद्ध हो। समाज में किसी तरह का भ्रष्टाचार व्याप्त न हो और देश स्वावलंबी बने। मौके पर मुख्य रूप से राज्यपाल के प्रधान सचिव शैलेश कुमार सिंह, प्रधान सचिव, नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह, राज्य खादी बोर्ड के सीईओ रंजीत कुमार, रांची डीडीसी अनन्य मित्तल, पुलिस विभाग के आला अधिकारी सहित अन्य गणमान्य लोग एवं बड़ी संख्या में टाना भगत उपस्थित थे।