-पुलिस को देखकर भागने लगे, पुलिस ने खदेड़ कर दबोचा

रांची : चुटिया पुलिस ने कष्णापुरी रोड नंबर 12 स्थित एक मकान में छापेमारी कर 27 पुडि़या ब्राउन शुगर और 17 पुडि़या गांजा बरामद किया है। साथ ही दो तस्करों को भी पुलिस ने दबोचा है। गिरफ्तार आरोपितों में मनीष कुमार और अनिल तिर्की शामिल हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस गुप्त सूचना मिली कि चुटिया कष्णापुरी रोड 12 निवासी अनिल कुमार साहु के घर में रहने वाले दो लोग ब्राउन शुगर व गांजा की तस्करी करते हैं। इस सूचना के आधार पर बीते शनिवार की रात पुलिस की टीम अनिल के मकान में पहुंची। पुलिस को देखते ही उक्त दोनों भागने लगे। पुलिस ने खदेड़कर दोनो को दबोचा। पूछताछ के क्रम में आरोपितों ने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि वे शहर के विभिन्न हिस्सों में ब्राउन शुगर व गांजा की बिक्री करते हैं। पूछताछ में उसने ब्राउन शुगर व गांजा किससे खरीदता है, उसकी जानकारी नहीं। मामले में पुलिस अवर निरीक्षक राजीव रंजन के बयान पर दोनों आरोपितों के खिलाफ चुटिया थाने में केस दर्ज किया गया है।

डीएसपी पहुंचे जांच करने

पुलिस को जब नशे के कारोबार की जानकारी मिली, तब पुलिस अवर निरीक्षक दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनो आरोपितों को दबोचा। जब तलाशी लेने के लिए पुलिस की टीम घर के भीतर जाने लगी। तब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध कर दिया। कहा कि राजपत्रित अधिकारी ही तलाशी ले सकता है। इसके बाद सिटी डीएसपी अमित कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घर की तलाशी ली। इस दौरान ब्राउन शुगर व गांजा बरामद किया गया।