-ओरमांझी में रविवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आए थे बाइक सवार

-रिम्स में इलाज के दौरान सोमवार दोपहर दोनों ने तोड़ा दम

रांची: राजधानी रांची में बीआइटी के पास रविवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी थी, जिससे बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गये थे। घायल दोनों व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था। लेकिन इलाज के दौरान सोमवार को दोपहर तीन बजे दोनों बाइक सवारों की मौत हो गयी। युवकों के नाम अमित साहू और विकास पासवान हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की ओर से पुलिस से मांग की गयी कि जल्दी से जल्द वाहन का पता लगाया जाये। वाहन चालक व मालिक को थाने बुलाकर पूछताछ की जाए। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है।

क्या है मामला

बताया गया कि दोनों दोस्त थे। दोनों कचहरी रोड स्थित गोपाल कॉप्लेक्स के रहनेवाले थे। दोनों दोस्त कचहरी रोड स्थित अटल वेंडर मार्केट में दुकान चलाते थे। अमित की सजावट की दुकान है, तो विकास पासवान चप्पल की दुकान चलाता था। दोनों की मौत से परिजनों में गम का माहौल है। दोनों युवक बाइक से कहीं घूमने निकले थे। वापसी में बीआइटी के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि दोनों घायल हैं। उनकी सांस चल रही है। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए रिम्स भिजवाया।

--