--

- राज्य भर के 24 जिलों से 1207 नए संक्रमितों की हुई पहचान

- जमशेदपुर में 3 की मौत, राज्य भर में 10 ने मरीजों ने तोड़ा दम

- 1427 ने दी कोरोना को मात, अब 13280 एक्टिव केस

रांची में एक बार फिर कोरोना के ढाई सौ से ज्यादा मरीजों की पहचान हुई है। हालांकि, रिकवर होने वालों की संख्या तीन सौ से ज्यादा है। दूसरी ओर, रांची में मंगलवार को कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई। हालांकि, राज्य भर में 10 लोगों की मौत इलाज के क्रम में होने की पुष्टि हुई है। इनमें तीन जमशेदपुर के, चार पश्चिमी सिंहभूम के और दुमका, हजारीबाग व कोडरमा के एक-एक मरीज शामिल हैं।

60 हजार से ज्यादा रिकवर

मंगलवार को राज्य भर के 23 जिलों से 1427 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट गए। वहीं अब तक 60027 लोगों ने कोरोना को मात दी है। कोरोना संक्रमित कुल मरीजों का आंकड़ा 73948 पहुंच गया है, लेकिन बड़ी संख्या में रिकवर होने के बाद अब राज्य में 13280 एक्टिव केसेज बचे हैं। रांची में अब 3364 एक्टिव केस हैं। बड़ी संख्या में बिना लक्षण वाले मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में ही हो रहा है। दूसरी ओर, सिटी के चार सरकार कोविड हॉस्पिटल्स में लक्षण वाले मरीजों का इलाज चल रहा है।

कहां से मिले कितने मरीज

झारखंड में मंगलवार की रात जारी रिपोर्ट के अनुसार 1207 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 278, बोकारो से 67, चतरा से 6, देवघर से 33, धनबाद से 94, दुमका से 12, पूर्वी सिंहभूम से 124, गढ़वा से 14, गिरिडीह से 18, गोड्डा से 67, गुमला से 10, हजारीबाग से 71, जामताड़ा से 8, खूंटी से 2, कोडरमा से 13, लातेहार से 10, लोहरदगा से 13, पाकुड़ से 4, पलामू से 110, रामगढ़ से 59, सहिबगंज से 8, सरायकेला से 73, सिमडेगा से 8, पश्चिमी सिंहभूम से 105 मरीज शामिल हैं।

छह सेंटर पर किया गया सैंपल कलेक्शन

मंगलवार को रांची जिला प्रशासन द्वारा स्टैटिक टेस्टिंग सेंटर में लोगों की कोविड-19 जांच की गई। कुल 6 जगहों पर बनाये गए टेस्टिंग सेंटर में सैंपल कलेक्शन का कार्य किया गया। सभी सेंटर में सुबह 10 बजे से शाम 06 बजे तक 778 लोगों का सैंपल कलेक्ट किया गया। जिसमें 63 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मंगलवार को जिला स्कूल में 170, स्वागत बैंक्वेट हॉल, हरमू में 78, राम लखन सिंह यादव कॉलेज, कोकर में 143, डोरंडा कॉलेज में 155, जगन्नाथपुर क्लब, धुर्वा में 175 और तरुण विकास मध्य विद्यालय, चुटिया में 57 लोगों के सैंपल कलेक्ट किए गए।