- रेल लाइन का कार्य करा रही कंपनी से मांगी थी लेवी, हथियार बरामद

- रांची के पंडरा ओपी फ्रेंड्स कालोनी से गिरफ्तार हुआ उग्रवादी नेपाली गंझू

- पलामू के पोलपोल से दबोचा गया सहयोगी मनोज यादव

रांची: पलामू पुलिस ने पूर्व में दो लाख के इनामी रहे टीएसपीसी नक्सली गोराई नेपाली गंझू उर्फ उपेंद्र सिंह को बुधवार को रांची से गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसकी निशानदेही पर गुरुवार को सतबरवा थाना क्षेत्र से उसका एक अन्य सहयोगी मनोज यादव को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लोडेड कट्टा व एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

एसपी ने दी जानकारी

पलामू के पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि सुरक्षा बलों के हत्थे चढ़ा नेपाली अपने सहयोगियों के साथ रेलवे का काम कर रही कंपनी के संवेदकों से लेवी वसूलता था। लेवी नहीं देने पर कंपनी में कार्यरत कर्मियों को जान- माल का नुकसान पहुंचाने की लगातार धमकी दी जा रही थी। पलामू के सतबरवा थाने में इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी दल का गठन कर रांची के पंडरा ओपी फ्रेंड्स कालोनी से नेपाली गंझू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के समक्ष उसने पोलपोल कला निवासी मनोज यादव व पाटन निवासी शंभू यादव के साथ एएम इंफ्राटेक से लेवी वसूलने की योजना बनाने की बात कबूल की है। इसी आधार पर छापेमारी कर उसके साथी मनोज यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान नेपाली गंझू ने अपने घर मनातू थाना क्षेत्र में एक कट्टा छिपाकर रखने की जानकारी दी। मनातू थाना के सहयोग से पुलिस ने कट्टा व एक मोबाइल फोन बरामद किया है।