रांची: झारखंड के खेल प्रेमियों की लिए गुड न्यूज है। जी हां, पहली बार टोक्यो ओलंपिक में एक साथ झारखंड की दो बेटियों का प्रदर्शन पूरी दुनिया देखेगी। खूंटी की निक्की प्रधान और सिमडेगा की सलीमा टेटे का टोक्यो ओलंपिक गेम्स के लिए सेलेक्शन हुआ है। झारखंड-बिहार के इतिहास में यह पहला मौका है जब एक ही ओलंपिक में झारखंड के दो-दो हॉकी खिलाड़ी एक साथ अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।

निक्की पहली महिला हॉकी प्लेयर

इतना ही नहीं, निक्की झारखंड की पहली हॉकी खिलाड़ी होंगी जो दो-दो ओलंपिक में भाग लेंगी। अब तक राज्य में ऐसा कोई भी हॉकी खिलाड़ी नहीं हुआ है, जिसने दो बार हॉकी खिलाड़ी के तौर पर ओलंपिक खेला हो। वहीं सभी खेलों को मिलाकर देखें तो यह रिकॉर्ड तीरंदाज दीपिका के नाम था, जो दो ओलंपिक खेल चुकी हैं और इस साल तीसरी बार ओलंपिक का हिस्सा बन रहीं हैं।

निक्की होंगी डिफेंडर

हॉकी इंडिया की तरफ से गुरुवार को 16 सदस्यीयी महिला हॉकी टीम की घोषणा की गई। इसमें झारखंड की निक्की प्रधान को डिफेंडर, जबकि सलीमा का चयन मिड फील्ड प्लेयर के तौर पर किया गया है। इससे पहले पुरुष या महिला हॉकी टीम में कभी भी झारखंड के दो खिलाड़ी इंडियन हॉकी टीम का हिस्सा नहीं बन पाई हैं।

हॉकी झारखंड ने जताई खुशी

हॉकी झारखंड के प्रमुख भोलानाथ सिंह ने सलीमा और निक्की के भारतीय महिला हॉकी टीम में सेलेक्शन को लेकर खुशी जताई है। कहा है कि उन्हें पहले से ही भरोसा था कि ये दोनों नेशनल टीम के जरिए ओलंपिक में भी अपना कमाल दिखाएंगी।

कोच ने जाहिर की प्रसन्नता

हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी, आवासीय सेंटर के कोच और सलीमा के कोच प्रतिमा बरवा और हॉकी खूंटी के सचिव दशरथ (निक्की प्रधान के कोच भी) के अलावा राज्य के तमाम खेल प्रेमियों ने भी प्रसन्नता जाहिर की है। उम्मीद जतायी है कि ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने में भी ये दोनों कामयाब होंगी।

ये है पूरी टीम

भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने महिला खिलाडि़यों की लिस्ट जारी की है। इसके मुताबिक इसमें कुल 16 खिलाडि़यों को टोक्यो ओलंपिक के लिए नेशनल टीम में शामिल किया गया है। इसमें गोलकीपर के तौर सविता हैं। डिफेंडर के तौर पर जीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान, गुरजीत कौर, उदिता हैं। मिडफिल्डर्स में निशा, नेहा, सुशीला चानू, मोनिका, नवजोत कौर और सलीमा टेटे के नाम शामिल हैं। इसके अलावा फॉरव‌र्ड्स में रानी, नवनीत कौर, लालरेमसियामी, वंदना कटारिया व शर्मिला देवी शामिल हैं।

ओलंपिक में झारखंड के हॉकी प्लेयर्स

1928-जयपाल सिंह मुंडा

1972-माईकल किंडो

1980-सिलबानुस डुंगडुंग

1984-मनोहर टोपनो

1992-अजीत लकड़ा

2016-निक्की प्रधान

2021-निक्की प्रधान व सलीमा टेटे