रांची: राजधानी रांची में गोली चलाना आम बात हो गई है। बात-बात में यहां गोली चल जा रही है। आम पब्लिक के साथ-साथ अपराधी पुलिस पर भी फायरिंग करने से नहीं चूक रहे हैं। बीते पांच दिनों में सिर्फ राजधानी रांची में चार फायरिंग हो चुकी है। इसमें एक पुलिस वाले के ऊपर भी फायरिंग शामिल है। सिटी में अपराधियों का दुस्साहस बढ़ा हुआ है। हर दिन किसी न किसी तरह के अपराध की खबर सामने आ रही है। सोमवार को रांची के बीआईटी और खूंटी तोरपा रोड में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया। सुबह जहां ओरमांझी के पांचा निवासी पिंटू साहू पर फायरिंग हुई तो दोपहर होते-होते खूंटी तोरपा रोड में 17 वर्षीय महेश सिंह को गोली मारकर घायल कर दिया। इससे पहले रविवार को भी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में गोलीबारी हुई थी। जिसमें ज्ञानी कुमार साहू घायल हो गए। सभी का इलाज रिम्स में चल रहा है।

क्राइम कंट्रोल बड़ा चैलेंज

राजधानी में क्राइम को कंट्रोल करने में सिटी पुलिस फेल होती दिख रही है। इन दिनों लगातार क्राइम हो रहा है। एक थाने में मामला दर्ज होता है कि दूसरे थाना क्षेत्र में वारदात की खबर आ जाती है। सिर्फ गोलीबारी ही नहीं बल्कि लूट, छिनतई, चेन स्नेचिंग और चोरी भी इसमें शामिल है। पुलिस एक ओर अपराधियों पर नकेल कसने के हजार दावे करती है लेकिन दूसरी और अपराधी घटना को अंजाम देकर पुलिस की सारी तैयारियों पर पानी फेर देते हैं। सिटी के पॉश इलाकों से भी आपराधिक वारदातें सामने आ रही हैं, जहां कुछ ही दूरी पर थाना है, पुलिस सहायता केंद्र भी बनाया गया है हर वक्त कोई न कोई पुलिस वाला इलाके में मौजूद रहता है। इसके बावजूद अपराधी घटना को अंजाम दे रहे हैं।

कहीं अवैध संबंध तो कहीं आपसी विवाद

फायरिंग की वजह अलग-अलग है। कहीं अवैध संबंध गोलीबारी को जन्म दे रहा है तो कहीं आपसी विवाद में गोली चल रही है। सोमवार को ओरमांझी थाना क्षेत्र के बीआईटी मेसरा के समीप पिंटू नामक युवक पर फायरिंग करने वाला शख्स गिरफ्तार हो गया। उसने खुलासा करते हुए कहा कि पिंटू का उसकी बीवी से नाजायज संबंध था। आरोपी जगमोहन महतो ने बताया कि पिंटू उसकी पत्‍‌नी और बच्चे को लेकर भाग गया था। चार महीने साथ रखने के बाद वह मेरी पत्‍‌नी को मायके छोड़ कर भाग गया। जिसे मैं अपने भाई की तरह मानता था उसी ने धोखा दिया। वहीं अरगोड़ा थाना क्षेत्र में आपसी विवाद पर फायरिंग हो गई। अज्ञात अपराधियों ने अरगोड़ा बस्ती के रहने वाले ज्ञानी कुमार साहू को गोली मारकर घायल कर दिया। संदेह के आधार पर पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

हाल में हुई फायरिंग की वारदातें

07 मार्च : पंडरा ओपी पिस्का मोड़ के समीप फायरिंग, एक नाबालिग लड़की घायल।

18 मार्च: चुटिया थाना मकचुंद टोली में दो स्नेचर ने पुलिस वाले पर फायरिंग कर दी।

21 मार्च: अरगोड़ा थाना क्षेत्र अरगोड़ा बस्ती के रहने वाले चाऊमीन दुकानदार पर फायरिंग।

22 मार्च: ओरमांझी थाना क्षेत्र के बीआइटी मोड़ के पास फायरिंग

-खूंटी-तोरपा रोड में एक युवक पर फायरिंग