रांची: रांची नगर निगम ने दो दिन पहले सिटी को साफ-सुथरा बनाने को लेकर विशेष अभियान चलाने की शुरुआत की है, जिसके तहत कचरा दिखने पर लोगों से कंट्रोल रूम में कंप्लेन करने को कहा गया है, जिसके बाद लोगों ने कचरा को लेकर कंप्लेन तो की लेकिन कचरा उठाने के लिए कोई नहीं आया। इससे समझा जा सकता है कि कैसे नगर निगम के दावों की पोल दूसरे दिन ही खुल गई। शनिवार को कंट्रोल रूम में 130 स्थानों से कचरा हटाने की कंप्लेन की गई, जिसमें से महज 10 जगहों से ही कचरा हटाया जा सका।

कॉल कर पूछ रहे कब उठेगा कचरा

कंट्रोल रूम में फोन कर पूछ रहे हैं कि उन्हें फोन किए हुए घंटों बीत चुके हैं फिर भी अब तक कचरा क्यों नहीं उठाया गया। मुख्य सड़क से हटकर गली में कचरे का अंबार नजर आता है। ऐसे में कंप्लेन नंबर जारी होने पर अभियान चला कर कचरा हटाने को लेकर लोगों ने कॉल करना शुरू कर दिया। लेकिन कंप्लेन का निपटारा करने में कर्मियों के पसीने छूट गए। वहीं निगम के सभी दावे भी हवा-हवाई हो गए।

4 जोनल, 53 सुपरवाइजर भी फेल

नगर निगम के अंतर्गत 53 वार्ड हैं। सभी वार्डो को चार जोन में बांटा गया है। इसके लिए चार जोनल सुपरवाइजर भी तैनात किए गए है। इसके अलावा हर वार्ड में एक सुपरवाइजर की भी ड्यूटी लगाई गई है। इसके बावजूद वार्डो में सफाई व्यवस्था की हालत खराब है। जबकि नगर आयुक्त ने सभी को स्पष्ट निर्देश दिया था कि अगर कचरा दिखा तो अब उनपर भी कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि इनपर क्या कार्रवाई की जाती है।

15 जनवरी तक विशेष सफाई अभियान

स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 को लेकर रांची नगर निगम ने सिटी को कचरा मुक्त बनाने के लिए आठ से 15 जनवरी से विशेष अभियान चला रहा है। इसके लिए नगर निगम ने कंप्लेन नंबर 0651-2200011 जारी किया है। जहां लोग कचरा जमा होने की कंप्लेन कर सकते हैं, लेकिन जिस रफ्तार से लोगों के कंप्लेन आ रहे है तो उससे समझा जा सकता है कि निगम के पास पेंडिंग लिस्ट कितनी लंबी हो जाएगी।