रांची (ब्यूरो)। दो महीने से घर के कचरे का उठाव होने के बावजूद शहर के लोग पैसा नहीं दे रहे हैं, लेकिन अब जल्दी ही उनको कचरा उठाने के बदले पैसे देने होंगे। रांची नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा उठाव करने को लेकर एजेंसी एक बार फिर से यूजर चार्ज वसूलेगी। एजेंसी के चयन के लिए रांची नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। रांची नगर निगम डोर-टू-डोर कचरे का उठाव करेगी, जबकि यूजर चार्ज वसूलने, सर्वे, असेस्मेंट आदि के लिए कंपनी का चयन किया जाएगा। 30 अप्रैल से रांची नगर निगम की ओर से कचरों के उठाव के एवज में वसूला जाने वाले यूजर चार्ज नहीं लिया जा रहा है। दरअसल, सीडीसी कंपनी को हटाने के बाद रांची नगर निगम डोर-टू-डोर कचरा उठाने की जिम्मेदारी खुद संभाल रही है।

सीडीसी को किया गया टर्मिनेट

रांची नगर निगम क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरे का उठाव करने वाले सीडीसी कंपनी को 30 अप्रैल को ऑफिशियल रूप से टर्मिनेट किया गया था। यह तीसरी कंपनी है, जिसे निगम ने खराब प्रदर्शन के आधार पर टर्मिनेट किया। रांची नगर निगम ने 27 अप्रैल को ही सफाई कार्य अपने हाथ में ले लिया था। 30 अप्रैल से कंपनी को टर्मिनेट करने की ऑफिशियल जानकारी देते हुए उप नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया था कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के तहत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए चयनित कंपनी सीडीसी को टर्मिनेट कर दिया गया है।

निगम उठा रहा है कचरा

रांची नगर निगम डोर-टू-डोर कचरे का उठाव करने के एवज में पिछले कई महीनों से यूजर चार्ज नहीं वसूल रही थी। सीडीसी कंपनी को हटाने के बाद रांची नगर निगम ने घरों से कचरा उठाने का जिम्मा तो ले लिया, लेकिन अब निगम की तैयारी यूजर चार्ज निजी एजेंसी से वसूल करवाने की है। एजेंसी का चयन का काम शुरू हो गया है।

निगम ने की थी अपील

रांची नगर निगम ने शहरवासियों से सीडीसी कंपनी या निगम के नाम पर लोगों से यूजर चार्ज नहीं देने की अपील की थी। निगम ने कहा कि जल्द ही आम सूचना प्रकाशित की जाएगी, तब तक कूड़ा संग्रहण के नाम पर शुल्क का भुगतान न किया जाए। गौरतलब है कि शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाव का काम कर रही सीडीसी कंपनी को पिछले दिनों निगम ने टर्मिनेट कर दिया है। ऐसे में निगम के नाम पर कंपनी लोगों से अवैध वसूली ना करे, इसे लेकर यह अपील नगर निगम ने की है।

2.25 लाख घरों का जिम्मा

निगम ने सीडीसी कंपनी को शहर के करीब 2.25 लाख घरों में आरएफआईडी चिप लगाने का काम सौंपा था। इन घरों से नियमित रूप से कूड़ा उठाना था, लेकिन कंपनी लगातार लापरवाही बरत रही थी। निगम ने कंपनी को एकरारनामें की शर्तें पूरी नहीं करने, कर्मचारियों के बकाए वेतन का भुगतान व पीएफ राशि जमा न करने की वजह से टर्मिनेट कर दिया था।

हर महीने 80 रुपए

डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन के एवज में शहरवासियों से यूजर शुल्क के रूप में हर महीने 80 रुपए लिए जाते हैं। बीते कुछ महीने से नियमित कूड़ा उठाव नहीं होने के बावजूद यूजर चार्ज वसूला जा रहा था।

रांची नगर निगम द्वारा शहर में डोर-टू-डोर कचरा उठाव का यूजर चार्ज वसूलने के लिए कंपनी का चयन करने के लिए टेंडर निकाला गया है। जिस भी कंपनी का चयन होगा, वह शहरवासियों से सिर्फ यूजर चार्ज वसूलेगी। निगम कूड़े का उठाव करेगा।

-रजनीश कुमार, उप नगर आयुक्त, रांची नगर निगम, रांची