--नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की खुली पोल

-

रांची : राजधानी में मंगलवार को जमकर बारिश हुई। इसके चलते शहर के कई इलाके में जल भराव हो गया। कई घरों में पानी घुस गया। इसके चलते लोग परेशान रहे। बरियातू में जोड़ा तालाब के पास कई घरों में बरसात का पानी चले जाने से काफी परेशानी हुई। शहर की कई सड़कें लबालब हो गईं। कई सड़कों पर पानी भर गया। इससे आवागमन बाधित हो गया। नगर निगम का दावा है कि अगर कहीं जल भराव हो जाए तो उनके पास पानी निकालने की मशीन है, लेकिन, लोग नगर निगम को फोन करते रहे उनकी मशीन नहीं पहुंची। इससे लोगों में नगर निगम के प्रति नाराजगी है।

शाम पांच बजे तक पांच एमएम बारिश हुई थी। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को भी शहर में बादल छाए रहेंगे और बरसात होगी। 18 जुलाई तक शहर में ऐसे ही मौसम की बात कही गई है। शहर में शाम से बारिश की शुरुआत हुई। शाम चार बजे से बारिश शुरू हुई तो तकरीबन डेढ़ घंटे तक पानी बरसा। इसके बाद रात को फिर तेज बरसात हुई। तेज बरसात के बाद नगर के कई इलाके फिर जलमग्न हो गए। हलधर प्रेस गली, चुटिया, कांके, करमटोली चौक, सूचना भवन, बरियातू आदि इलाके की कई सड़कें जल मग्न हो गईं। लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हुई। लोग परेशान रहे। गौरतलब है कि शहर की नाली की स्थिति ठीक नहीं है। जल निकासी सिस्टम पर नगर निगम कुछ खास नहीं कर पा रहा है। नगर निगम कोरोना के चलते भी नगर निगम की नाली निर्माण की कई योजनाएं लटकी हुई हैं।

रांची में अब तक 313.7 मिमी बरसात

मौसम विभाग के अनुसार रांची में इस साल जुलाई में अब तक कम बरसात हुई है। जुलाई में अब तक सामान्य तौर से रांची में 362.3 फीसद बरसात होती है। मगर अब तक रांची में 313.7 फीसद बरसात ही हुई है।