RANCHI:मानसून की शुरुआती बारिश में ही राजधानी की सड़कें चलने लायक भी नहीं रहीं। सिटी की कई सड़क कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। शहर के प्रमुख सड़कों की हालत थोड़ी ठीक है, लेकिन गली-मुहल्लों और कॉलोनियों में सड़क की हालत खराब है। कुछ इलाके ऐसे हैं, जहां सड़क है ही नहीं। कच्ची सड़क से ही लोग आना-जाना करते हैं। बारिश में इन सड़कों पर चलना काफी मुश्किल है। एयरपोर्ट से आगे हेथू बस्ती की सड़क इन दिनों चलने लायक नहीं है। इलाके में हजारों लोग रहते हैं, लेकिन सड़क के कारण वे टाउन नहीं आ पा रहे हैं। वहीं पुंदाग स्थित भगवती नगर की सड़क का भी ऐसा ही हाल है। बरसात से पहले ही नगर निगम की ओर से सड़क और नाली बनाने की योजना थी। लेकिन इस पर कोई काम नहीं हुआ। जून में सड़क निर्माण के लिए टेंडर निकाला भी गया तो वह एसओआर के पचडे़ में फंस गया। अब बारिश में लोगों को फिर एक बार नारकीय स्थिति में ही आवागमन करना होगा।

फंस रही है गाड़ी, गिर रहे लोग

खराब, जर्जर और कीचड़ से सनी सड़क पर गाडि़यां फंस रही हैं। यहां टू-व्हीलर, रिक्शा और पैदल चलने वाले लोग गिर भी रहे हैं। बुधवार को ही पुंदाग के भगवती नगर इलाके में टर्बो सड़क के कीचड़ में फंस गया, जिसे निकलने में घंटों लग गया। इस दौरान यहां से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कीचड़ के कारण सड़क के गड्ढे नजर नहीं आ रहे, जिस वजह से दुर्घटना हो रही है। भगवती नगर में रहने वाले श्याम साहू ने बताया कि सड़क टूटी हुई है। बारिश के कारण यहां कीचड़ भर गया है। आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। कीचड़ की वजह से कपडे़ भी गंदे हो रहे हैं।

गंदगी निकाल कर सड़क पर छोड़ी

लालपुर इलाके में बुधवार को नाली साफ करायी गयी। जेसीबी से नाली की गंदगी निकाली गयी। लेकिन इस गंदगी को सड़क पर ऐसे ही छोड़ दिया गया। इस कारण बारिश की वजह से यह गंदगी सड़क पर फैल गई। यहां पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा था। नगर निगम की ओर से कुछ दूर तक नाली की सफाई तो कराई गई, लेकिन निगम के कर्मचारी ने गंदगी उठाना जरूरी नहीं समझा। कर्मचारियों का कहना था कि गंदगी जब सूख जाएगी तब इसे उठवा लिया जाएगा। लेकिन लगातार हो रही बारिश से गंदगी सूखने के बजाए सड़क पर ही फैल गयी। नगर निगम को यह काम बारिश से पहले करना था। लेकिन निगम की और से बारिश को देखते हुए किसी तरह की तैयारी नहीं की गई।

जैन मंदिर से लेक रोड में बड़े बड़े गड्ढे

राज्यसभा के पूर्व सांसद अजय मारू ने रांची नगर निगम को आगाह किया है कि जैन मंदिर से लेक रोड जाने वाली सड़क तीन पर बड़े-बड़े गढ्डे हैं, जिन्हें अस्थाई रूप से ढक तो दिया गया है लेकिन कभी भी इस मार्ग पर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने नगर निगम से कहा है कि तत्काल इन गढ्डों पर स्लैब लगाया जाए। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ साल से यह गढ्डे जस के तस हैं, लेकिन नगर निगम इस पर ध्यान नहीं दे रहा है जो दुख की बात है। उन्होंने कहा कि इन गढ्डों के कारण अक्सर यह मार्ग जाम रहता है और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। नगर निगम के पास खर्च करने के लिए करोड़ों रुपए रहते हैं लेकिन इन गढ्डों पर क्या स्लैब लगाने के लिए उसके पास पैसे नहीं है। उन्होंने कहा कि अब बरसात का मौसम आ गया है इसलिए यह गढ्डे और भी खतरनाक हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्षद एवं एवं मेयर का यह दायित्व है कि वो इन गढ्डों को भरें या फिर उस पर तत्काल स्लैब लगाएं।

क्या कहते हैं लोग

मुसीबत आने पर नगर निगम की नींद खुलती है। बारिश के कारण जब पानी निकल नहीं रहा है, तब नगर निगम नाली साफ करा रहा है। गंदगी तो होनी ही है। ये काम बारिश से पहले होना चाहिए था।

रंजना

सड़क पर कीचड़ भरा है। पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है। बरसात से पहले ही सड़क की मरम्मत की जानी थी, लेकिन कुछ काम नहीं हुआ। अब मुहल्ले के लोगों को परेशानी हो रही है।

अमित