- पति ने गर्भवती पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला

रांची के सुखदेव नगर की रहने वाली एक विवाहिता पिंकी देवी की गया में ससुरालवालों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी है। मामले की जानकारी मिलते ही रिंकी के परिजन और इलाके की पार्षद रश्मि चौधरी और उनके देवर राहुल चौधरी रांची ने परिजनों के साथ स्थानीय लोगों को रांची से गया के लिए रवाना किया। इस बीच उनलोगों ने सुखदेवनगर थाना को भी मामले की जानकारी दी। वहां पहुंचकर रिंकी के परिजनों अपने स्तर से जानकारियां खंगाली। आस पड़ोस से पता चला कि रिंकी की मौत में ससुराल वालों का हाथ है। परिजनों ने रिंकी के पति और ससुर को गाड़ी में बैठाया और रांची ले आए जहां हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। रिंकी के पति ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है।

ससुरालवालों ने पीट-पीटकर मार डाला

रिंकी के परिजनों ने बताया कि मंगलवार की शाम गया से रिंकी के पड़ोसियों ने फोन कर कहा कि आपकी बेटी को पीट-पीटकर मार डाला गया है। इस बाबत जब रिंकी के परिजनों ने उसके पति से बात की तो उसने कहा कि रिंकी को सांप ने काट लिया है। उस समय रिंकी के ससुरालवालों ने पिटाई की बात छिपा ली। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए रिंकी के परिजन रांची से आनन-फानन में गया के लिए निकल गए।

अनहोनी की आशंका पर पहुंचे परिजन

मंगलवार की देर रात जब वह गया पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर चौंक गए। वहां रिंकी मृत पड़ी हुई थी। रिंकी का पति बार-बार यही कह रहा था कि रिंकी की मौत सांप के काटने की वजह से हुई है। मारपीट की बात को वह छिपा रहे थे। इसी बीच रिंकी के भाई मनोज ने कहा कि अगर उसे सांप ने काटा है तो एक बार रांची चलकर उसका इलाज करवाते हैं। रांची चलने की बात पर रिंकी के ससुरालवाले आनाकानी करने लगे।

मारपीट से हुई मौत

इसके बाद रिंकी के परिजन उसके पति और ससुर को जबरदस्ती वाहन में बैठाकर रांची ले आए और रांची के सुखदेव नगर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के सामने रिंकी के पति रवि ने उसके साथ मंगलवार को हुई मारपीट की बात स्वीकार कर ली। रवि के अनुसार उसने गुस्से में 8 माह की गर्भवती रिंकी के पेट में मारा था। इससे उसकी गया में ही मौत हो गई थी।

दहेज के लिए किया प्रताडि़त

रिंकी की शादी 8 वर्ष पूर्व बिहार के गया के शर्मा इलाके के रहने वाले रवि साव से हुई थी। रिंकी के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर लगातार रिंकी को प्रताड़ित किया जाने लगा। रिंकी का घर टूट न जाए, इस डर से परिजनों ने समय-समय पर रिंकी के ससुरालवालों को पैसे भी दिए। इसी बीच 4 वर्ष पूर्व रिंकी के पति रवि ने उसे रांची पहुंचा दिया।

गया पुलिस के संपर्क में रांची पुलिस

परिजनों के काफी मिन्नत करने के बाद भी रिंकी को उसका पति वापस नहीं ले गया। आखिरकार एक साल पहले रिंकी को वापस गया ले जाया गया। वापस जाने के बाद भी रवि रिंकी को लगातार प्रताडि़त कर रहा था। इस दौरान वह गर्भवती हो गई थी। फिलहाल रांची पुलिस इस मामले में गया पुलिस के संपर्क में है।