रांची: लॉकडाउन 5.0 के बाद भले ही ऑफिस पूरी तरह से खुल गए हैं। लोगों को आने-जाने की छूट भी दी गई है। लेकिन वहां काम करने का तरीका ही बदल गया है। कुछ ऐसा ही नजारा राजधानी के रांची नगर निगम ऑफिस में देखने को मिल रहा है, जहां सब कुछ बदला-बदला सा है। एंट्रेंस से लेकर ऑफिस तक बिल्कुल नए रूप में दिख रहा है। हालांकि, स्टाफ वही है, बस काम करने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग को मेंटेन किया जा रहा है, जिससे कि नगर निगम के स्टाफ्स कोरोना जैसी खतरनाक बीमारी की चपेट में ना आ जाएं।

रोस्टर के अनुसार स्टाफ्स ड्यूटी

नगर निगम के हर विभाग में स्टाफ्स भरे पड़े हैं। लेकिन लॉकडाउन की वजह से सभी के एक साथ ऑफिस आने पर फिलहाल रोक लगाई गई है। ऐसे में ड्यूटी का रोस्टर बनाया गया है ताकि रोस्टर के हिसाब से ही वे ड्यूटी पर आएं। इसी हिसाब से स्टाफ्स नगर निगम में अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। हालांकि, इस दौरान नगर निगम में काम के लिए आने वाली पब्लिक को थोड़ी परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है, क्योंकि हर दिन स्टाफ्स के बदलने से उन्हें सही जानकारी नहीं मिल पा रही।

मास्क-ग्लव्स सबके लिए जरूरी

सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ड्यूटी पर स्टाफ्स डटे हुए हैं। सभी को मास्क और ग्लव्स लगाना अनिवार्य कर दिया गया है, जिससे कि पब्लिक के डायरेक्ट कांटैक्ट में आने वाले स्टाफ कोरोना के इन्फेक्शन से बचे रहें। इसके अलावा महिला स्टाफ्स को ड्यूटी पर कम से कम आने को कहा गया है। इतना ही नहीं, बिना मास्क के स्टाफ्स, अधिकारी व पब्लिक की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। ऐसे में अगर कोई बिना मास्क के पहुंच रहा है तो उसे बाहर से ही लौटा दिया जा रहा है।

टैक्स व सर्टिफिकेट है जरूरी

रांची नगर निगम में फिलहाल होल्डिंग टैक्स जमा कराने के लिए काउंटर खोल दिया गया है। इसके अलावा काफी लोग बर्थ और डेथ सर्टिफिकेट भी बनाने पहुंच रहे हैं। चूंकि लॉकडाउन की वजह से लोगों के सभी जरूरी काम अटक गए थे। वहीं गाडि़यों का परिचालन बंद होने की वजह से भी लोग नगर निगम नहीं आ पा रहे थे। अब गाडि़यों को छूट मिली है तो खुद से अपना काम कराने पहुंच रहे हैं। हालांकि, नगर निगम लॉकडाउन में भी आम दिनों की तरह ही खुला हुआ था।

सब कुछ ऑनलाइन करने पर है जोर

नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स, वाटर टैक्स, ट्रेड लाइसेंस, कंप्लेन को भी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर कर दिया है। ऐसे में लोगों से अपील की जा रही है कि कोरोना महामारी के बीच वो अपना टैक्स ऑनलाइन जमा कर दें। केवल वैसे लोग ही नगर निगम में आएं, जिनके पास ऑनलाइन टैक्स जमा कराने की फैसिलिटी ना हो। इसके अलावा नगर निगम से जारी किए जाने वाले ट्रेड लाइसेंस, हॉस्टल, बैंक्वेट, लॉज संचालन के लिए लाइसेंस भी ऑनलाइन अप्लाई करें। जहां पेपर चेक करने के बाद तुरंत लाइसेंस जारी कर दिया जाएगा। वहीं टीम बाद में जाकर फिजिकल वेरीफिकेशन भी करेगी।