रांची (ब्यूरो)। सिटी में हर दिन कोविड के मामले बढ़ रहे हैं। इससे निपटने के लिए सरकार से लेकर हर तरफ लोग पहले से तैयारी में जुट चुके हैं। ऐसे में शहर के लोगों को अब हर दिन योगा करवाकर उनका इम्युन बूस्टअप करने की तैयारी में रांची जिला प्रशासन जुट चुका है। रांची शहर में जो 22 शहरी स्वास्थ्य केंद्र हैं, वहां पर योगा टीचर उपलब्ध होंगे, जो आसपास के लोगों को योगा करवाकर उन्हें स्वस्थ रखेंगे।

जोड़े जाएंगे योगा टीचर्स

इस संबंध में सिविल सर्जन रांची की ओर से सूचना जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के अभियान निदेशक के पत्र के आलोक में 122 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर जिसमें रांची शहरी क्षेत्र के 22 सेंटर के लिए पारिश्रमिक के आधार पर योगा टीचर को सूचीबद्ध किया जाएगा। जिन लोगों को सूचीबद्ध किया जाएगा, उनको अपने नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में आसपास के लोगों को योगा सिखाना होगा।

हर सेशन के 250 रुपए

योगा प्रशिक्षक को प्रत्येक सेशन के लिए 250 रुपए पारिश्रमिक दिया जाएगा। प्रशिक्षक के लिए प्रत्येक महीने सभी सेंटरों में 10 सत्र निर्धारित तिथि और समय पर किया जाएगा। सिविल सर्जन के अनुसार, प्रत्येक सत्र 2 घंटे का होगा। योगा प्रशिक्षक के चयन में योग्यता भी निर्धारित की गई है। किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से योगा के विषय में डिग्री, डिप्लोमा सर्टिफिकेट कोर्स का होना या योगा सर्टिफि केट बोर्ड नई दिल्ली से योग प्रशिक्षक होना अनिवार्य है।

यहां होगी योगा ट्रेनिंग

रांची जिले के लिए योगा टीचर को इंपैनल्ड किया जा रहा है। इसमें रांची के 22 शहरी क्षेत्र हैं, जहां पर योगा टीचर लोगों को ट्रेनिंग देंगे। इसमें करम टोली चौक, कर्बला चौक, बहु बाजार रोड, तुपुदाना चौक, वार्ड कार्यालय नायक मोहल्ला, टीवी टावर रातू रोड, लोअर चुटिया, मुकचंद टोली, बस स्टैंड तुपुदाना, डीबडीह पूल, बड़ा घाघरा, जागरण टोली, गोसाईं चौक नामकुम ऑटो स्टैंड, हरमू पच मंदिर, लोवाडीह चौक, लंका टोली सेक्टर 2, हिसार, खादगढ़ा कुम्हार टोली चूना भट्ठा, जेपी मार्केट धुर्वा बस स्टैंड, एदलहातू, अली रोड नियर एसबी रोड, सखुआ बाजार धुर्वा, जगन्नाथपुर मौसी बाड़ी सेंटर शामिल हैं।

रांची में जितने भी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स हैं, वहां पर योगा टीचर को इंपैनल्ड किया जा रहा है। उनको अपने नजदीक के सेंटर पर लोगों को योगा सिखाना होगा। इसके लिए सरकार उनको क्लास के हिसाब से पैसे भी देगी। आसपास के लोगों को स्वस्थ रखने के लिए यह किया जा रहा है।

विनोद कुमार, सिविल सर्जन, रांची