रांची: हर उम्र के लोगों के लिए योग बहुत जरूरी है। इससे तन और मन दोनों स्वस्थ रहता है। सुबह एक घंटा नियमित रूप से हम सभी को योग के लिए समय निकालना चाहिए। योग शिक्षिका अर्चना सचदेवा ने डीजे आईनेक्स्ट के योग कार्यक्रम में ये बाते कहीं। उन्होंने बताया कि योग भारत की सबसे प्राचीन विद्या है। नियमित रूप से योग करने से कई बीमारियों से छुटकारा मिल जाता है। पहले लोग ऐसा सोचते थे कि योग सिर्फ गुफाओं और कंदराओं में रहने वाले और सिर्फ साधू-संत ही कर सकते हैं। लेकिन ऐसा नहीं है। धीरे-धीरे लोग योग से होने वाले फायदे को जान रहे हैं। हमारे गुरुओं की मदद से आज पूरे हिंदुस्तान में योग का प्रचार-प्रसार हुआ। सिर्फ देश ही नहीं, विदेशों में भी लोग योग अपना रहे हैं। 21 जून को हर साल व‌र्ल्ड योगा डे मनाया जाने लगा है, जिस कारण ज्यादा से ज्यादा लोग इसमें जुड़ रहे हैं।

सेशन 1

डीजी आईनेक्स्ट के फेसबुक पेज रांची कॉलिंग पर ऑनलाइन योगा प्रोग्राम हुआ। योग शिक्षिका अर्चना सचदेवा ने ऑनलाइन ही योग के अलग-अलग टिप्स बताए और आसन करके दिखाए। अर्चना ने बताया कि योग करने के लिए सबसे जरूरी सही आसन में बैठना है। इसके बाद मंत्र के साथ विभिन्न मुद्राओं को करते हैं। सुबह-सुबह सो कर उठने के बाद शरीर सख्त होता है, उसे थोड़ा ढीला करने और लेजीपन एवं स्ट्रेस दूर करने के लिए हल्के-फुल्के आसन करते हैं। सिर के एक्सरसाइज से शुरू करते हुए कंधा, गला, बांह, हाथ और पैर का भी व्यायाम करते हैं। इससे ज्वाइंट खुल जाते हैं और ताजगी महसूस होने लगती है।

सेशन 2

योग शिक्षिका ने स्टेज टू में छोटे बच्चों के लिए आसन के बारे में बताया, जिसे करने पर बच्चों का ग्रोथ ठीक से हो सकता है। बच्चों की हाइट भी बढ़ती है और बच्चे स्वस्थ रहते हैं। बच्चों को गोमुख आसन, दंगासन, ताड़ासन और वृक्षासन जरूर करना चाहिए। सभी आसन 30 सेकेंड तक जरूर करने चाहिए। हर दिन सुबह आधा घंटा तक योग के अलग-अलग आसन करने से बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास होता है। बच्चे का मन फ्रेश रहता है, जिससे वे पढ़ाई के साथ-साथ अन्य सभी एक्टिविटीज में भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। तीन से दस साल के बच्चे इन योग क्रियाओं को कर सकते हैं।

सेशन 3

स्टेज 3 में योग शिक्षिका अर्चना ने वर्किंग लोगों के एक्सरसाइज के बारे में बताते हुए कहा कि वैसे महिला या पुरुष जो ऑफिस में होते हैं। जिन्हें योग करने का वक्त नहीं मिल पाता है। वे अपने ऑफिस में बैठे-बैठे योग कर सकते हैं। चेयर पर भी कई आसन किए जा सकते हैं। जिसे करने से वर्किंग लोगों का स्ट्रेस कम हो सकता है और काम में उनका मन भी लगा रहता है। महिलाओं के बारे में योग शिक्षिका ने बताया कि महिलाओं को आर्गेनिक और गायनी प्रॉब्लम ज्यादा होती है, जिससे दर्द और तनाव में रहती हैं। इसे दूर करने के लिए महिलाओं को वज्रासन, धनुरासन, भुजंग आसन करना चाहिए। अर्चना ने सभी आसन कर के भी दिखाए कि कैसे महिलाएं इन आसन को कर सकती हैं।

सेशन 4

प्राणायाम हर उम्र के लिए लाभदायक

प्राणायाम हर उम्र के लोगों के लिए लाभदायक है। इससे मन शांत रहता और पूरे दिन तरोताजा महसूस करते हैं। लोगों को दस मिनट का समय निकाल कर जरूर प्राणायाम करना चाहिए। प्राणायाम के अलग-अलग प्रकार हैं। स्टूडेंट्स को कामिनी प्राणायाम करना चाहिए। इसमें प्राणायाम मुद्रा में बैठ कर कान में उंगली डालकर सांसे लेनी और छोड़नी होती है। प्राणायाम मुद्रा में ओम का उच्चारण करना चाहिए। वर्किंग पीपुल और महिलाओं को भी प्राणायाम करना चाहिए। हार्ट पेशेंट्स ज्यादा जोर से सांस न लें। लेकिन सामान्य व्यक्ति थोड़ी जोर से सांस ले और छोड़ सकता है। प्राणायाम के अलावा अनुलोम-विलोम भी जरूर करना चाहिए।

डीजे आईनेक्स्ट की ओर से आयोजित ऑनलाइन योगा सेशन काफी बढि़या रहा। चार सेशन में अलग-अलग योग के आसन बताए गए। मैंने सभी आसन किया। मैं नियमित रूप से योग करती हूं। यह शरीर के लिए बहुत जरूरी है।

-कुमुद झा

योगा हर व्यक्ति को करना चाहिए। हर दिन सुबह उठकर नियमित योगा करने से मन और तन दोनों स्वस्थ रहता है। 21 जून को पूरे विश्व में योगा दिवस मनाया जाता है, यह हम सभी के लिए गौरवान्वित करने वाला पल होता है। योगा हमारी संस्कृति है, सभी व्यक्ति को योगा जरूर करना चाहिए।

- अरुण झा, वार्ड पार्षद

मैं नियमित रूप से योग करती हूं। मुझे अलग-अलग आसन करना काफी पसंद है। सुबह आधे घंटे के योग से पूरा दिन फ्रेश फील करती हूं। डीजे आईनेक्स्ट का कार्यक्रम काफी बढि़या रहा। इसमें योग शिक्षिका ने कई महत्वपूर्ण बातें भी बताईं।

- सृष्टि प्रिया

देश-विदेश के लोग योग को अपना रहे हैं। इससे फायदे को देखते हए ही लोग इससे जुड़ रहे हैं। हर व्यक्ति के लिए योग जरूरी है। इससे कई बीमारियों से बचा जा सकता है। इन दिनों महामारी का खतरा बना हुआ, लोगों को नियमित योगा करना चाहिए। डीजे आईनेक्स्ट की यह अच्छी पहल है।

- जितेंद्र गुप्ता