--पुल पार कर रहा युवक बहा, दो किलोमीटर के दायरे में नहीं चला पता

- जबतक लोग बचा पाते काफी दूर चला गया

रांची : रांची में बारिश शुक्रवार को आफत बनकर आई। हटिया स्वर्णरेखा नदी के पास पुल पार कर रहा युवक पानी की तेज बहाव में बह गया। युवक का नाम सुभाष हेमरम (40) है। वह जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के जोजो बासा का रहने वाला है। वह मजदूरी करता था। उसके माता-पिता नहीं है। केवल एक बहन है, जिसका पालन पोषण वह खुद करता था। जानकारी के अनुसार युवक स्वर्णरेखा नदी की पुलिया से वह पार कर रहा था। जहां, पुलिया से ऊपर पानी बह रही थी। इसी पानी की तेज बहाव में वह बह गया। आसपास के कुछ लोगों ने देखा और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उसे ढूंढना शुरू कर दिया। करीब दो किलोमीटर की दूरी तक ढूंढा गया। लेकिन सुभाष का कुछ पता नहीं चला। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जगन्नाथपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों से तलाश करवाई। लेकिन पता नहीं चल पाया। पुलिस ने एनडीआरएफ को इसकी सूचना दी है। शनिवार को एनडीआरएफ की टीम पहुंचेगी और तलाश की जाएगी। आशंका जताई जा रही है कि सुभाष की मौत हो चुकी हो। स्थानीय लोगों के अनुसार सुभाष लगातार कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान भी रह रहा था।