JAMSHEDPUR: शहर में नागरिक सुविधाएं प्रदान करनेवाली टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई जुस्को का नाम बदल गया है। टाटा स्टील टाउन डिविजन को अलग कर जुस्को का गठन किया गया था। एक अप्रैल 2004 को अस्तित्व में आई इस कंपनी का नाम जमशेदपुर यूटिलिटी एंड सर्विसेज कंपनी (जुस्को) लिमिटेड रखा गया था। इसे अब बदल कर टाटा स्टील यूटिलिटी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज कंपनी लिमिटेड कर दिया गया है। कंपनी ने 30 दिसंबर को ही नाम में बदलाव के लिए कंपनी ऑफ रजिस्ट्रार को जानकारी भेज दी थी।

विगत आठ जनवरी को हुई बोर्ड ऑफ डायरेक्टर की मीटिंग में नाम बदलाव को मंजूरी दे दी गई है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का तर्क है कि जुस्को, टाटा स्टील की सौ फीसदी सब्सिडरी कंपनी है, जो जमशेदपुर, ओडिशा सहित अन्य शहरों में नागरिक सुविधाएं देती है। ऐसे में टाटा समूह का मानना है कि जब जुस्को, टाटा स्टील की अनुषंगी इकाई है तो उसका नाम भी कंपनी के साथ जुड़ना चाहिए ताकि उसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके। नाम बदलाव से क्या कंपनी के कर्मचारियों का पे रोल बदलेगा? क्या टाटा समूह के जितने शहरों में ऑपरेशन हैं, वहां बनाई गई नई कंपनी अपनी सेवाएं देगी? क्या कोई नई कंपनी का इसमे विलय होगा? इन सभी बातों पर प्रबंधन ने कुछ भी कहने से इंकार किया है।

जुस्को के नाम में बदलाव किया गया है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की मंजूरी की जानकारी आरओसी को दे दी गई है। कंपनी पूर्व की तरह अपने दायित्वों का निर्वाह करती रहेगी। हालांकि, नाम बदलने के बाद क्या चर्चाएं चल रही हैं, इस पर अभी कोई कमेंट नहीं कर सकती।

-सुकन्या दास, प्रवक्ता, टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड