स्वामी विवेकानंद की जयंती पर आयोजित हुए विविध कार्यक्रम

ALLAHABAD: सोमवार को स्वामी विवेकानंद की जयंती का आयोजन शहर भर में पूरे धूमधाम के साथ हुआ। इस दौरान स्कूल एवं कॉलेजेस में विविध आयोजन तो हुए ही, कई सामाजिक संस्थाओं ने भी स्वामी जी के विचारों का प्रचार प्रसार किया।

व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर मंथन

मुंशी काली प्रसाद स्मृति संस्थान की ओर से विवेकानंद चौराहे पर स्वामी जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। स्वामी विवेकानंद सामाजिक विकास संस्थान की ओर से प्रयाग संगीत समिति में जन्मोत्सव समारोह मनाया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रुप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राष्ट्रीय कार्यकारी मंडल के सदस्य इंद्रेश जी ने लोगों को विवेकानंद के आदर्शो पर चलने की सीख दी।

विवेकानंद को पहला स्थान

ईश्वर शरण डिग्री कॉलेज राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में विवेकानंद और उनका आध्यात्मिक राष्ट्रवाद विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें स्टूडेंट्स ने बढ़चढ़कर भागेदारी की। कार्यक्रम में विवेकानंद शुक्ला को प्रथम, राहुल मिश्रा को द्वितीय एवं अतुल कुमार पाल को तथा सुधीर कुमार को तृतीय स्थान मिला। प्रोत्साहन पुरस्कार पाने वालों में अभिषेक कुमार गुप्ता एवं सुधांशु तिवारी रहे।

नशा मुक्त, पर्यावरण युक्त भारत का संकल्प

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की यूनिवर्सिटी इकाई ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी में संगोष्ठी का अयोजन किया। स्वामी विवेकानंद की जयंती पर हुए इस आयोजन में वक्ता के तौर पर मौजूद डॉ। राजेन्द्र त्रिपाठी ने छात्रों से स्वामी जी की ही तरह महत्वाकांक्षी बनने को कहा। उन्होंने छात्रों को नशा मुक्त, पर्यावरण युक्त एवं स्वच्छ भारत का संकल्प दिलाया।