RANCHI : स्पेशल ब्रांच ने कई माह पहले ही रांची पुलिस को आगाह किया था कि शहर में आर्केस्टा की एक महिला देह व्यापार का कारोबार चला रही है। राजधानी में इसका बड़ा रैकेट चलाया जा रहा है। जिसके बाद पुलिस मुख्यालय की ओर से इस गलत धंधे में जुड़े आधा दर्जन चेहरों को चिन्हित किया गया था। लेकिन आगे की कार्रवाई के नाम पर जीरो ही है। पांच माह बाद भी पुलिस न तो आर्केस्ट्रा की लेडी को तलाश पायी और न ही चिन्हित वह आधा दर्जन लोग पुलिस के हत्थे चढ़ सके। इस वजह से शहर में देह व्यापार का धंधा और तेज पकड़ता जा रहा है।

स्पेशल ब्रांच ने ये लिखा था पत्र

मई में स्पेशल ब्रांच ने रांची पुलिस को पत्र लिखकर यह ताकीद की थी कि झारखंड, बिहार और नेपाल के अलग-अलग हिस्सों से लड़कियां मंगवाकर इस गिरोह के सदस्य सिटी में देह व्यापार का अवैध कारोबार कर चला रहे हैं। गिरोह की सरगना आर्केस्टा में काम करने वाली एक महिला है। पत्र में यह भी जिक्र था कि महिला ने देह व्यापार के लिए बड़ा नेटवर्क बना लिया है। रांची में चल रहे दूसरे देह व्यापार ग्रुप को भी उसने अपने नेटवर्क से जोड़ रखा है।

व्हाट्सएप व पोर्टल से चल रहा धंधा

पुलिस को भेजे गए पत्र में बताया गया था कि इस चर्चित महिला की ओर से व्हाट्सएप पर लड़कियों की तस्वीर शेयर कर ग्राहक तय किए जाते हैं। गिरोह के लोग ऑनलाइन पोर्टल के जरिए भी धंधा चला रहे हैं। जिसके बाद डीजीपी ने पुलिस को आदेश दिया था कि रांची में देह व्यापार का धंधा चला रहे गिरोह के खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस मुख्यालय ने जिन लोगों को चिन्हित किया है, उनकी गतिविधियों का सत्यापन कर निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था। लेकिन पुलिस सुस्त ही बनी हुई है।

जमीन कारोबारी का संरक्षण

देह व्यापार चलाने वाली महिला को समीर उर्फ कल्लू बंगाली नाम के जमीन कारोबारी का संरक्षण है। इस वजह से जमीन कारोबार में भी लड़कियों का इस्तेमाल किया जाता है। स्पेशल ब्रांच ने कल्लू का संपर्क रांची में अवैध तरीके से हथियारों की डील करने वाले कुख्यात शाहिद उर्फ पाव से भी होना बताया है। इसके बाद भी इन सभी पुलिस अब तक हाथ नहीं डाल सकी है।