- दून पुलिस रिंकू हत्याकांड में शामिल रहे शूटर को लेकर गई है राजस्थान

- राजस्थान के चार थानों में रिंकू के शव की शिनाख्त के लिए अज्ञात शवों का टटोला ब्योरा

देहरादून: कामना मर्डर केस व रिंकू की हत्या में शामिल शूटर गौरव को लेकर नेहरू कॉलोनी पुलिस संडे को राजस्थान पहुंच गई। राजस्थान चुरू के चार थानों में उसे लेकर पुलिस पहुंची और 2018 नवंबर-दिसंबर में उन इलाकों में मिले अज्ञात शवों के बारे में जानकारी जुटाई। इस दौरान मिले अज्ञात शवों के हुलिए का मिलान रिंकू से किया गया और गौरव से भी शिनाख्त करवाने की कोशिश की गई। हालांकि, अभी तक पुलिस को रिंकू के शव के बारे में कोई जानकारी हासिल नहीं हुई है।

वारदात पर एक नजर

29 अगस्त की रात बुटीक ओनर कामना का गोली मार मर्डर कर दिया गया था। इस दौरान उसके पति अशोक को भी पेट में गोली मारी गई थी, वह घायल हो गया था। अशोक ने कामना की हत्या का आरोप अपनी बुआ की देवरानी के लड़के रिंकू उर्फ अजय वर्मा निवासी अमन विहार पर लगा दिया। पुलिस को अशोक की कहानी पर शक हुआ तो उसकी कॉल डिटेल निकलवाई गई। पता चला कि मर्डर की रात से पहले उसकी दीपक, गौरव और परवेज निवासी सरधना, मेरठ से कई बार बात हुई थी। दीपक और गौरव को पुलिस ने हिरासत में लिया तो पता चला कि रिंकू की तो नवंबर 2018 में ही राजस्थान ले जाकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें दीपक, गौरव व परवेज शामिल थे और साजिश करने वाला खुद अशोक था।

7 दिन की मिली है रिमांड

अब पुलिस ंिरंकू मर्डर केस की तह टटोलने में जुटी है। इसी मकसद से शूटर गौरव को कोर्ट से 7 दिनों की रिमांड पर पुलिस ने लिया है और उसे लेकर राजस्थान के चुरू गई है। संडे को चुरू में मामले की विवेचना कर रहे एसओ नेहरू कॉलोनी दिलबर सिंह नेगी ने रामगढ़, राजगढ़, रतनगढ़ व डूंगरगढ़ थाने में बीते साल नवंबर दिसंबर के दौरान मिले अज्ञात शवों का ब्योरा खंगाला। इन थाना क्षेत्रों में उस दौरान 5 अज्ञात शव मिले थे, जिनकी अब तक पहचान नहीं हो पाई है। लेकिन इन शवों का हुलिया ¨रकू के हुलिए से मेल नहीं खाया।