- पति ने ही साजिश रच सुपारी किलर से करा दिया था कामना का मर्डर - माता मंदिर रोड पर पूरा बाजार खड़ा कर डाला था कामना ने

- बुटीक के साथ ही दुल्हन बाजार, युनिसेक्स सैलून की थी ओनर

देहरादून।

पति की साजिश के चलते अपनी जान गंवाने वाली कामना ने सिर्फ एक बुटीक संचालिका थी, बल्कि उसने अपनी मेहनत से एक पूरा बाजार खड़ा कर लिया था। दुल्हन बाजार और यूनिसेक्स सैलून की भी वह ओनर थी और जल्द ही राजपुर रोड पर दुल्हन बाजार की ब्रांच खोलने वाली थी। कामना के मर्डर के बाद अजबपुर माता मंदिर रोड स्थित ये बाजार सील कर दिया गया है लेकिन शादी-समारोह सहित अन्य फंक्शंस के लिए बुकिंग कराने वालों की यहां कतार लग रही है। लाखों की बुकिंग फंसने के बाद लोग कभी दुकानों का तकाजा कर रहे हैं तो कभी थाने-चौकी के चक्कर काट रहे हैं।

आलीशान बाजार किया खड़ा

करीब डेढ़ वर्ष पहले कामना ने माता मंदिर रोड पर बुटीक का काम शुरू किया था। इसके बाद महिलाओं के लिए सैलून की शुरुआत की। बाद में दुल्हन बाजार नाम से ब्राइडल ड्रेस और ज्वैलरी का काम भी शुरू किया। कामना एक पूरे बाजार की ओनर हो चुकी थी। इसके बाद कामना की प्लानिंग काम को और आगे बढ़ाने की थी, राजपुर रोड पर वह दुल्हन बाजार के एक और ब्रांच शुरू करने की प्लानिंग कर रही थी।

अधिकतर कस्टमर बड़े घरों से

कामना के अधिकतर कस्टमर्स बड़े घरानों के थे। राजपुर रोड, जाखन आदि जगहों से कस्टमर्स बुकिंग करवाने आते थे। ड्रेसेज बनवाते थे। वहीं आसपास के लोगों की मानें तो कामना स्वभाव से कम बोलने वाली थी, ऐसे में आसपास के लोगों से उसकी ज्यादा बातचीत नहीं थी। लोगों को अजबपुर में उसके मर्डर की सूचना भी तब मिली जब अखबारों में छपी। इसके बाद से यहां लोगों की भीड़ जुटने लगी।

क्लाइंट काट रहे थाने के चक्कर

कामना के पास कई लोगों ने ड्रेसेज और ज्वैलरी की एडवांस बुकिंग कराई थी। उसके मर्डर के बाद क्लाइंट रोज उसके बुटीक का चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन, बाजार सील किया गया है। आसपास के लोग क्लाइंट्स को थाने जाने की सलाह दे रहे हैं। क्लाइंट्स को चिंता है कि उनका सामान और पैसा कैसे वापस मिलेगा। गणेशोत्सव, नवरात्रि और शादियों के लिए कामना के यहां सैकड़ों एडवांस बुकिंग कराई हुई थी।

बेटी को लेकर विवाद

कामना की बेटी को अभी तो दादी लेकर गई है जो कि अजबपुर में ही रहती है। दादी अपनी पोती को अपने पास ही रखना चाहती है। हालांकि कामना की मां यानी बच्ची की नानी भी उसे अपने पास रखना चाहती है। लोगों की मानें तो आगे चलकर बच्ची को लेकर दादी-नानी में विवाद की स्थिति बन सकती है।