-पनकी इंडस्ट्रियल एरिया की फैक्ट्री में हुआ हादसा, तीन लेबर झुलसे

KANPUR : पनकी इंडस्ट्रियल एरिया में मंगलवार को ट्रेन की चेचिस बनाने वाली फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक लेबर के चीथड़े उड़ गए, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से झुलस गए। साथियों ने घायल कर्मियों को अस्पताल में एडमिट कराया। वहीं, मृतक के परिजनों ने फैक्ट्री पहुंचकर हंगामा कर दिया।

स्वरूपनगर निवासी रवींद्र नाथ त्रिपाठी की पनकी में गैस प्लांट के पास सासो मकैनिकल इंडिया लिमिटेड नाम से फैक्ट्री है। मंगलवार सुबह रोज की तरह कर्मचारी काम कर रहे थे। करीब छह बजे अचानक ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से लेबर सर्वेश पाल (28) के चीथड़े उड़ गए। वह ऑक्सीजन सिलेंडर में रेगुलटर फिट कर रहा था। तभी धमाका हो गया। इसके अलावा तीन अन्य कर्मचारी घायल हो गए।

इकलौता कमाने वाला था

सर्वेश के परिवार में मां गीता, पत्नी आरती, एक बेटा और बहन रानू है। सर्वेश की मां ने रोते हुए बताया कि सर्वेश ही घर में अकेला कमाने वाला था। अब घर कैसे चलेगा?