कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। बाॅलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर आज 47 साल की हो गई। उनका जन्म 25 जून 1974 को पंजाबी फैमिली में हुआ। करिश्मा के पिता रणधीर कपूर और मां का नाम बबीता हैं। जो अभिनेता हरि शिवदासानी की बेटी हैं और साधना की चचेरी बहन हैं। करिश्मा भारत में सिल्वर स्क्रीन पर आने वाली कपूर खानदान की तीसरी महिला हैं। पहली उनकी चाची, अभिनेता शशि कपूर की बेटी संजना कपूर थी तो करिश्मा के बाद उनकी बहन करीना कपूर ने फिल्म इंडस्ट्री में अलग पहचान बनाई।

17 साल में बनी एक्ट्रेस
करिश्मा कपूर मुश्किल से 17 साल की थीं जब उन्होंने हिंदी फिल्म उद्योग में एक एक्टर के रूप में काम करना शुरू किया। उन्होंने हरीश के साथ प्रेम कैदी (1991) के साथ अपनी फिल्मी करियर की शुरुआत की। उनकी अगली बड़ी हिट अनाड़ी (1993) थी और इस दौरान उन्होंने अंदाज़ अपना अपना (1994) में काम किया। इसके बाद 1994 और 1997 के बीच करिश्मा ने गोविंदा के साथ सुपरहिट जोड़ी बनाई। इन दोनों ने राजा बाबू (1994) से लेकर हीरो नंबर 1 (1997) में साथ में काम किया।

सुपरहिट फिल्मों से बनाई पहचान
साल 1996 में आई फिल्म 'राजा हिंदुस्तानी' ने करिश्मा के करियर को बुलंदियों पर पहुंचा दिया। आमिर खान स्टारर यह फिल्म बाॅक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई। इसके बाद दिल तो पागल है (1997) के साथ अपने करियर को और मजबूत किया। आज वह मनीषा कोइराला और रवीना टंडन जैसी समकालीनों को पीछे छोड़ते हुए हिंदी सिनेमा की मेगा-स्टार हैं। करिश्मा ने अपने करियर में करीब 60 से अधिक फिल्में की हैं। उन्होंने पापी गुड़िया (1996) में भी अपनी आवाज दी है। अब तक उन्हें दिल तो पागल है (1997), राजा हिंदुस्तानी (1996), फ़िज़ा (2000), और ज़ुबैदा (2001) में अपने प्रदर्शन के लिए 10 अवार्ड मिल चुके हैं।

निजी जिंदगी में मिली मायूसी
29 सितंबर 2003 को करिश्मा ने दिल्ली के उद्योगपति संजय कपूर से शादी की। हालांकि ये शादी टिक नहीं पाई और 10 साल बाद दोनों अलग हो गए। करिश्मा के दो बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी। करिश्मा का निजी जीवन काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा है। करिश्मा तो बच्चन परिवार की बहू बनने वाली थीं लेकिन ऐन वक्त पर अभिषेक और करिश्मा की सगाई टूट गई और दोनों अलग हो गए। करिश्मा-अभिषेक एक दूसरे को बचपन से जानते थे, लेकिन प्यार की शुरुआत हुई अभिषेक की बहन श्वेता की शादी के बाद। दरअसल श्वेता की शादी करिश्मा के बुआ के बेटे से हुई है। शादी के दौरान दोनों एक दूसरे के करीब आए। हालांकि दोनों ने अपने रिश्ते का खुलासा नहीं किया। उन्हीं दिनों अभिषेक को पहली फिल्म रेफ्यूजी मिली, इस फिल्म में उनके अपोजिट करिश्मा की छोटी बहन करीना थीं। करिश्मा बहन करीना से मिलने फिल्म सेट पर आया करती थीं। यहीं से अभिषेक के वह करीब आ गईं और बाद में दोनों की सगाई हो गई, जो शादी में नहीं बदल सकी।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk