RANCHI : पूरा शहर दुर्गोत्सव के रंग में रंग चुका है। हर तरफ मां शेरावाली के जयकारे गूंज रहे हैं। सड़क पर श्रद्धालुओं का रेला नजर आने लगा है। रंग बिरंगी लाइट से पूरा शहर जगमगा उठा है। पूजा समितियों ने एक से बढ़कर एक बेहद आकर्षक पूजा पंडाल का निर्माण कराया है। जी हां, यदि आपने अब तक रांची के पूजा पंडालों का भ्रमण नहीं किया है तो हम दिखा रहे हैं आपको यहां के भव्य पूजा पंडाल।

कोकर में केदारनाथ का अवलोकन

कोकर के दुर्गा पूजा पंडाल में इस बार केदारनाथ का दृश्य दिखाया गया है। यहां आप सीढि़यों की मदद से 20 फीट ऊपर पर्वत पर चढ़कर मंदिर में विराजमान मां के दर्शन कर सकते हैं। पंडाल को पर्वत का रंग दिया गया है।

गुड्डे और गुडि़यों का नजारा

ओसीसी दुर्गा पूजा समिति में गुड्डे और गुडि़यों को दिखाया गया है। बड़े-बड़े आकार के राजस्थानी गुड्डे-गुडि़यों से पंडाल को भव्य रूप दिया गया है। कठपुतली नृत्य करतीं छोटी-छोटी गुडि़यां मनोरम हैं। माता की प्रतिमा को राजस्थानी लुक दिया गया है।

पंच मंदिर में आदम जमाना

हरमू के पंच मंदिर दुर्गा पूजा समिति में आदम जमाने को दर्शाने का प्रयास किया गया है। यहां ग्लोब नुमा पंडाल के अंदर पूरी आदिम संस्कृति दर्शाई गई है।

केरल थीम पर स्टेशन रोड का पूजा पंडाल

स्टेशन रोड दुर्गा पूजा समिति की ओर से बने पूजा पंडाल को केरल की थीम पर सजाया गया है। मां की प्रतिमा भी केरल के वेशभूषा में ही विराजित की गई है। कथकली नृत्य करती बड़ी सी गुडि़या श्रद्धालुओं का मन मोह रही है। वहीं एलईडी लाइटिंग से रोशन हो रह ा जो पानी दिखाया गया है वह काफी अट्रैक्टिव है।

सत्य अमर लोक में अद्भुत नजारा

हरमू गौशाला चौक के समीप स्थित मारवाड़ी भवन में सत्य अमर लोक का भव्य पूजा पंडाल बनाया गया है। इस पूजा पंडाल में थाईलैंड का सफेद बौद्ध मंदिर दर्शाया गया है। जो लाइटिंग पड़ने पर बहुत खूबसूरत नजर आता है। इस मंदिर को शांति का प्रतीक माना जाता है।

बांधगाड़ी के पंडाल में सर्वधर्म का संभाव

बांधगाड़ी के पूजा पंडाल में सर्वधर्म संभाव को दर्शाया गया है। अर्थात सभी धर्म एक हैं। इंद्रधुनष के सात अलग-अलग रंग की तरह इंसान भी सात अलग-अलग धर्म में बंटा है। माता की प्रतिमा को भी शांति का संदेश देते हुए दर्शाया गया है।