VARANASI: आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल दिल्ली की पब्लिक को धोखा देकर बनारस भाग आए हैं। उन्होंने दिल्ली वासियों को आधी दर पर बिजली, सात सौ लीटर मुफ्त पानी, संविदा शिक्षकों को पक्की नौकरी का वादा किया, लेकिन किसी को कुछ नहीं मिला। यह आरोप कांग्रेस के दिल्ली अध्यक्ष अरविंद सिंह लवली ने लगाया। रविवार को होटल पल्लवी में मीडिया से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली के एक्स सीएम केजरीवाल सत्ता छोड़कर भागे लेकिन बजट पेश नहीं किया। इस कारण बिजली पर पहले से मिल रही सब्सिडी भी खत्म हो गई। अब दिल्ली में बिजली महंगी हो गयी है। यही हाल पानी का है। कांट्रैक्ट टीचर्स का अनुबंध खत्म हो गया। वह परेशान हैं। क्या ऐसे व्यक्ति को काशी की पब्लिक संसद में भेजना चाहेगी। मैं दिल्ली से सभी को आगाह करने बनारस आया हूं। केजरीवाल व उनके कार्यकर्ताओं पर हमले के मामले में लवली ने आरोप लगाया कि वह उनके ही लोग हैं। यह पब्लिक को बरगलाने का एक तरीका है। झूठ बोलना उनकी आदत है। दरअसल, आप भाजपा व मोदी की बी टीम है।