- बेलीपार एरिया के नौसढ़ गांव की घटना

- पुलिस चौकी पर पब्लिक ने किया हंगामा

GORAKHPUR: बेलीपार एरिया के नौसढ़ में चार मनबढ़ों ने किशोरी का अपहरण कर रेप की कोशिश की। किशोरी के शोर मचाने पर गांव के लोग जुटे तो आरोपी युवक फरार हो गए। घटना से गुस्साए लोग पुलिस चौकी पहुंच गए। पीडि़त किशोरी की ओर से तहरीर लेकर पुलिस जांच में जुटी है।

किशोरी को उठाकर भागने लगे युवक

नौसढ़ की रहने वाली एक किशोरी शनिवार की शाम बंधे की ओर नेचुरल कॉल पर गई। इस दौरान दो युवक उससे मिल गए। उन लोगों ने किशोरी से छेड़छाड़ शुरू कर दी। वह युवकों का प्रतिकार करती। तभी दो अन्य युवक आ गए। चारों ने किशोरी को पकड़ लिया। उसको उठाकर भागने लगे। युवकों की हरकत भांपकर किशोरी ने शोर मचाना शुरू कर दिया। किशोरी की आवाज सुनकर लोग दौड़ पड़े। पकड़े जाने के डर से आरोपी फरार हो गए। गुस्साए गांव के लोग नौसढ़ चौकी पर जमा हो गए। लोगों के हंगामा करने पर पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग अपने घरों को लौटे।

मामले की जानकारी मिली है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आनंद प्रकाश शुक्ला, एसओ बेलीपार