खूंटी सांसद कडि़या मुंडा के आवास से चार गार्डो को अपहरण कर लूट लिए थे हथियार

ranchi@inext.co.in
RANCHI :
खूंटी के सांसद कडि़या मुंडा के चार गार्डो को हथियार सहित अगवा करने और मुरहू में भाजपा नेता की हत्या सहित कई मामलों का खूंटी पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इन कांडों में शामिल सात अपराधियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। एसपी अश्रि्वनी कुमार सिन्हा ने बताया कि सांसद कडि़या मुंडा के गार्डो के अपहरण में शामिल पत्थलगड़ी समर्थक बलराम समद व जॉन जुनास तिडू को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। उनकी निशानदेही पर ही पत्थलगड़ी समर्थक करम सिंह मुंडा को भी मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। करम सिंह मुंडा को गिरफ्तार करने वाली टीम में तोरपा इंस्पेक्टर सरोज कुमार व मुरहू थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता सहित अन्य जवान शामिल थे।

26 जून की है घटना
एसपी ने बताया कि खूंटी थाना क्षेत्र के अनिगड़ा गांव स्थित सांसद कडि़या मुंडा के आवास से 26 जून को उनके चार गार्ड सुबोध कुजूर, विनोद केरकेट्टा, सियोन सुरीन व नागेंद्र सिंह का पत्थलगड़ी समर्थकों ने अपहरण कर उनकी इंसास रायफल एवं मैगजीन लूट ली थी।