पुदुचेरी (एएनआई)। पुदुचेरी में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इस समय राजनीतिक गलियारों में उथल-पुथल मची है। यहां वी नारायणसामी सरकार से कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे के बाद मंगलवार देर रात उपराज्यपाल (एल-जी) किरण बेदी को भी अचानक उनके पद से हटा दिया गया। किरण बेदी ने बुधवार सुबह आभार व्यक्त करते हुए एक ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा उन सभी का धन्यवाद, जो पुदुचेरी के उप राज्यपाल के तौर पर मेरी जर्नी के हिस्सा थे। पुदुचेरी के लोगों और सरकारी अधिकारियों का धन्यवाद।

सीएम ने केंद्रशासित प्रदेश के लोगों की 'जीत' करार दिया
मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने मंगलवार को पुदुचेरी के उपराज्यपाल (एल-जी) पद से किरण बेदी के हटाए जाने पर इसे केंद्रशासित प्रदेश के लोगों की 'जीत' करार दिया। एएनआई से बात करते हुए, नारायणसामी ने कहा कि किरण बेदी को हमारे दबाव के कारण हटाया गया है। किरण बेदी ने कल्याणकारी योजनाओं को रोकने की कोशिश की। नारायणसामी ने कहा हम पिछले दो वर्षों से किरण बेदी के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं और उनके खिलाफ कई आंदोलन चलाए। उनको हटाने के लिए हस्ताक्षर अभियान भी चलाया जा चुका है।

किरण बेदी को पुदुचेरी के उपराज्यपाल के पद से हटा दिया गया
राष्ट्रपति भवन ने मंगलवार को एक बयान में कहा, किरण बेदी को पुदुचेरी के उपराज्यपाल के पद से हटा दिया गया है। बयान में कहा गया है कि तेलंगाना के राज्यपाल तामिलिसाई सौंदर्यराजन को अपने स्वयं के कर्तव्यों के अलावा, पुदुचेरी के उपराज्यपाल के कार्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। इससे पहले, कामराज नगर निर्वाचन क्षेत्र के कांग्रेस विधायक, ए जॉन कुमार ने कांग्रेस सरकार के असंतोष का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। यह सब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हो रहा है।

National News inextlive from India News Desk