ऐसी है जानकारी
पहले से ही बता दें कि ब्रिटेन के दौरे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करीब 22 से ज़्यादा कार्यक्रम निर्धारित हैं। शुरुआत हुई पीएम के वहां पहुंचने के साथ। भारतीय समयानुसार अपराह्न करीब 3.30 बजे वह लंदन पहुंच गए। ब्रिटेन के समय के अनुसार रात करीब 10.00 बजे तक पीएम के कार्यक्रम तय हैं। इसके बाद सबसे पहले पीएम मोदी पहली बार द्विपक्षीय बातचीत के लिए डेविड कैमरन से मिले। अब यहां ज्यादातर कार्यक्रमों में डेविड कैमरन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ ही रहेंगे।

60,000 लोगों को करेंगे संबोधित
याद दिला दें कि इसी साल ब्रिटेन में हुए चुनाव में ये नारा लगाया गया था कि 'फिर एक बार, कैमरन सरकार' जो कि भारत में नरेंद्र मोदी के चुनावी प्रचार अभियान से काफी कुछ प्रभावित है। इसके बाद शुक्रवार को वेंबली स्टेडियम में पीएम नरेंद्र मोदी करीब 60,000 लोगों को एक साथ संबोधित करेंगे। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरन और उनके कई सांसद भी स्टेडियम में मौजूद रहेंगे।

अंबेडकर मेमोरियल का करेंगे उद्घाटन
इसके बाद पीएम मोदी लंदन में अंबेडकर मेमोरियल का उद्घाटन करेंगे। याद दिला दें कि यहीं पर 1920 में बीआर अंबेडकर आकर ठहरे थे। उद्घाटन के बाद पीएम मोदी बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना की भतीजी और ब्रिटेन की सांसद ट्यूलिप सिद्दकी से भी मिलेंगे। ब्रिटेन की कुल आबादी में भारतीय मूल के लोगों की संख्या काफी है। इनमें 14 से 17 लाख लोग रहते हैं। इन लोगों में से भी करीब 6 लाख लोगों का जन्म ब्रिटेन में ही हुआ है। इसके अलावा कुल भारतीय आबादी में पंजाबियों की संख्या साढ़े 4 लाख है।

12 फीसदी डॉक्टर यहां भारतीय
बात करें डॉक्टरों की तो यहां 12 फीसदी डॉक्टर भारतीय हैं। बीते 14 सालों में G-20 देशों के बीच भारत में सबसे बड़ा निवेशक ब्रिटेन ही रहा है। भारत में ब्रिटेन की 500 से ज़्यादा कंपनियां अपना कारोबार फैलाए हैं। इस क्रम में भारत भी ब्रिटेन में निवेश करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश है। इतना ही नहीं ये सुनकर भी आपको अचरज होगा कि ब्रिटेन के अंदर भारत की 800 से ज़्यादा कंपनियां काम करती हैं। यहां मौजूद भारतीय कंपनियों में ब्रिटेन के करीब 1 लाख 10 हज़ार लोग काम करते हैं।

ब्रिटेन में मौजूद हैं भारत की 13 कंपनियां
इससे भी बड़ी बात ये है कि ब्रिटेन में भारत की 13 कंपनियां ऐसी हैं, जिनमें 1000 से ज़्यादा लोग काम करते हैं। 13 भारतीय कंपनियों में टाटा ग्रुप की 5 कंपनियां शामिल हैं। इनमें करीब 65 हज़ार लोग काम करते हैं। इसके साथ भारत दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है।

ऐसा होता है व्यापार
गौर करें कि भारत के पास काम करने वाली करीब 49 करोड़ की आबादी है, जो पूरे यूरोप की आबादी से ज़्यादा है। अभी भारत और ब्रिटेन के बीच करीब 14.3 अरब डॉलर का व्यापार होता है। इसके अलावा भारत का सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर चीन है, जिसके साथ करीब 72 अरब डॉलर का व्यापार होता है। इसके बाद दूसरे नंबर पर आता है अमेरिका का नाम। इसके साथ करीब 64 अरब डॉलर का व्यापार होता है। भारत के बड़े ट्रेडिंग पार्टनर्स की लिस्ट में अभी फिलहाल ब्रिटेन 18वें नंबर पर है।

ब्रिटेन की संसद को करेंगे संबोधित
इन सब खासियतों के साथ अब ब्रिटेन की संसद को संबोधित करने वाले पहले प्रधानमंत्री होंगे नरेंद्र मोदी। बता दें कि ब्रिटेन की संसद दुनिया की सबसे प्राचीन संसदों में से एक है। जानकारी है कि ब्रिटिश संसद में मुख्य तौर पर तीन केंद्र होते हैं हाउस ऑफ कॉमन्स यानी लोअर हाउस, हाउस ऑफ लॉर्ड्स यानी अपर हाउस और मोनार्की। इनमें से हाउस ऑफ लॉर्ड्स में फिलहाल 820 से ज़्यादा सदस्य हैं। इसके बाद हाउस ऑफ कॉमन्स में 650 सदस्य होते हैं।

inextlive from India News Desk

 

National News inextlive from India News Desk