- नो योर कॉलेज पोर्टल पर एकेटीयू के कॉलेजों की फीस डिटेल जारी

- सुविधाओं, सेलेक्शन और प्रशासन की भी डिटेल पोर्टल पर मौजूद

LUCKNOW: डॉ। एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीय) से एफिलिएटेड कॉलेजों में एसईई की काउंसिलिंग में अगर कोई स्टूडेंट्स एडमिशन से पहले कॉलेज की फीस की जानकारी लेना चाहते हैं, तो उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। एकेटीयू प्रशासन ने नो योर कॉलेज पोर्टल पर अपने सभी कॉलेजों की फीस जारी कर दी। इस पोर्टल पर सभी कॉलेजों ने अपने हर मद में लिए जाने वाले फीस की जानकारी दी है। कॉलेजों ने जो फीस डिटेल दी है, पूरे सेशन में वह कॉलेज उन मदों में उतनी ही फीस ले सकता है। इसके बाद अब किसी कॉलेज के फीस में कोई बढ़ोतरी या कमी नहीं की जाएगी।

मैनेजमेंट से लेकर प्लेसमेंट तक दी गई जानकारी

पोर्टल पर स्टेट के 846 इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों से जुड़ी सभी जानकारी उपलब्ध कराई गई है। इसमें निर्धारित फीस के साथ ही लिए जाने वाली अन्य फीस की भी जानकारी दी गई है। पोर्टल पर सभी कॉलेजों ने उपलब्ध सुविधा व संसाधन, लैब, लाइब्रेरी के अलावा प्लेसमेंट रिकॉ‌र्ड्स भी उपलब्ध कराए हैं। कॉलेज प्रशासन ने इस पोर्टल पर अपने मैनेजमेंट में शामिल लोगों की पूरी जानकारी के साथ उनसे संपर्क करने के लिए भी जानकारी उपलब्ध कराई है।

नए सेशन में फीस में नहीं होगा कोई बदलाव

एडमिशन एवं फभ्स नियमम समिति ने शैक्षिक सत्र 2016-17 में किसी भी संस्थान की फीस में परिवर्तन न किए जाने का फैसला लिया है। सभी इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट कॉलेजों में पूर्व की फीस ही लागू होगी। विशेष सचिव शिवाकांत द्विवेदी ने आदेश में साफ किया है कि छात्रहित को ध्यान में रखते हुए फीस न बढ़ाने का फैसला लिया गया है।

स्टूडेंट्स को इस पोर्टल से बेहतर कॉलेज चुनने के साथ वहां मिलने वाली सुविधाओं और फीस के बारे में जानकारी मिल रही है। अब सेशन के लास्ट में कोई कॉलेज स्टूडेंट्स का उत्पीड़न नहीं कर सकेगा। अब कोई भी कॉलेज पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी से अधिक फीस लेता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।

प्रो। विनय कुमार पाठक, वीसी, एकेटीयू